शासकीय पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय बेमेतरा में शुरू होगा बैचलर ऑफ लॉ (एलएलबी) पाठ्यक्रम
विधायक दीपेश साहू के अथक प्रयासों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात पर मुख्यमंत्री सहित शासन का जताया आभार
बेमेतरा 16 जून 2026 - बेमेतरा जिले के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के अथक प्रयासों और निरंतर पहल से शासकीय पं. जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा में बैचलर ऑफ लॉ (एलएलबी) पाठ्यक्रम प्रारंभ होने जा रहा है। लंबे समय से जिलेवासियों एवं विद्यार्थियों द्वारा की जा रही कानून की पढ़ाई की मांग अब पूरी होने जा रही है। यह सौगात बेमेतरा जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए विधायक दीपेश साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देवसाय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा सहित राज्य सरकार के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है। लंबे समय से जिले के विद्यार्थियों एवं युवाओं की मांग थी कि उन्हें कानून की पढ़ाई की सुविधा अपने ही जिले में मिले, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा कर सकें। आज यह मांग पूरी होने जा रही है, जो पूरे बेमेतरा जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि शासकीय पं. जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा में एलएलबी पाठ्यक्रम प्रारंभ होना केवल एक शैक्षणिक सुविधा नहीं, बल्कि बेमेतरा के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। अब हमारे जिले के विद्यार्थी कानून की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने से बचेंगे और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
विधायक श्री साहू ने कहा कि कानून की शिक्षा युवाओं को समाज में न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाती है। एलएलबी करने के बाद विद्यार्थी अधिवक्ता, न्यायिक सेवा, प्रशासनिक क्षेत्र, विधि सलाहकार सहित अनेक क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकते हैं। इससे जिले में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिले के विकास के लिए शिक्षा को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। जब किसी क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए अवसर आते हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। यह सौगात आने वाले समय में बेमेतरा को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
विधायक श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनहित और विकास के कार्यों को गति दे रही है। शिक्षा के क्षेत्र में लिए जा रहे निर्णय युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र का प्रत्येक युवा आगे बढ़ सके और बेमेतरा विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।