शिक्षा से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव - बेमेतरा विधायक दीपेश साहू

विधायक दीपेश साहू ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल सिंघौरी पहुंचकर बच्चों से किया आत्मीय संवाद 

बच्चों को विधायक ने पत्नी संग शिक्षण सामग्री वितरित कर बढ़ाया उत्साह 
बेमेतरा 18 जून 2026 - बेमेतरा विधायक दीपेश साहू आज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल सिंघौरी पहुंचे, जहां उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रिंसिपल संजय प्रसाद प्यासी सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने विधायक श्री साहू उनकी धर्म पत्नी श्रीमती तरुणा साहू सहित जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
   इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं खेल सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर उनकी रुचियों को जाना और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। 
       विधायक दीपेश साहू अपनी धर्मपत्नी के साथ नन्हे नन्हे बच्चों को कॉपी, पानी की बोतल, टिफिन डब्बा, चॉकलेट सहित अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बचपन जीवन की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। 
विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे हमारे देश और समाज का भविष्य हैं। अच्छी शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के माध्यम से हर बच्चा अपने सपनों को पूरा कर सकता है। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के सभी बच्चों को बेहतर शिक्षा का वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिले। बच्चे नियमित रूप से स्कूल आएं, शिक्षकों का सम्मान करें और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ें। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो जीवन में सफलता के नए रास्ते खोलती है। 
      उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की। 
       इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता महेश साहू, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महामंत्री संदीप यादव, पार्षद नीतू कोठारी, राजू देवांगन, ओमकार साहू, प्रिंसिपल संजय कुमार प्यासी, पूजा शर्मा, अनीता कुर्मी, झान्वी शर्मा, वेदिका साहू, आशीष तिवारी, विनोद साहू, शुभम पांडेय, प्रहलाद घृतलहरे, अनिल खांडे, राजेश नामदेव सहित समस्त जनप्रतिनिधिगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।