ट्रैक्टर पलटने से किसान दबा, डायल-112 और ग्रामीणों की तत्परता से बची जान

आपातकालीन स्थिति जैसे सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी व किसी भी आपात स्थिति में तत्काल करें 112 पर कॉल  
बेमेतरा 17 जून 2026 - जिले के थाना परपोड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में डायल -112 सेवा टीम और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया। खेत जा रहे एक किसान का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू कर किसान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 
    आज 17 जून 2026 को बुधवार सुबह लगभग 9:17 बजे डायल -112 टीम परपोड़ी को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बुंदेली निवासी ईश्वरी निषाद उम्र 38 वर्ष ट्रैक्टर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और वे उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम परपोड़ी सक्रिय हुई। डायल-112 टीम में तैनात आरक्षक प्रमोद पाण्डेय और चालक किशोर साहू तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। 
  मौके पर पहुंचकर डायल -112 टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से ट्रैक्टर के नीचे दबे ईश्वरी निषाद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परपोड़ी पहुंचाया गया। 
     घटना के बाद ग्रामीणों ने डायल-112 टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। 
  घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने आरक्षक प्रमोद पाण्डेय, चालक किशोर साहू तथा पूरी डायल-112 टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता और जनसेवा का दायित्व भी निभाती है। उन्होंने सभी डायल-112 टीमों को ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। 
      अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशीकला उईके सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों ने भी डायल-112 टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दी। 

अपील - बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर कॉल करें। पुलिस आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।