अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी - डीआईजी रामकृष्ण साहू

परीक्षा तकनीकों और रणनीतियों के बारे में जानकारी देते हुए लक्ष्य की ओर दृढ़ता से बढ़ने के लिए किया प्रोत्साहित 

समाधान महाविद्यालय के निःशुल्क समर कैंप में डीआईजी रामकृष्ण साहू ने छात्र-छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र 

प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान 
बेमेतरा 15 मई 2026 - समाधान महाविद्यालय परिसर में दिनांक 15, 16 एवं 17 मई 2026 तक आयोजित निःशुल्क समर कैंप में आज मुख्य अतिथि के रूप में उप पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) शामिल हुए। इस अवसर पर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। 
  “लक्ष्य छत्तीसगढ़ समर कैंप 2026” के दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने छात्र-छात्राओं को करियर निर्माण एवं लक्ष्य प्राप्ति के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करते हुए प्रेरित किया। 
   डीआईजी रामकृष्ण साहू ने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई लिखाई एवं करियर से संबंधित विषयों पर चर्चा की तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के माध्यम से प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। 
      उन्होंने विद्यार्थियों को लगन एवं मेहनत के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए महत्वपूर्ण परीक्षा तकनीकों एवं रणनीतियों की जानकारी दी, जिससे उन्हें अपनी तैयारी को और बेहतर बनाने में सहायता मिल सके। उनके प्रेरणादायक संबोधन से छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ तथा वे अपने लक्ष्य की ओर और अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हुए। 
  कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में डीआईजी रामकृष्ण साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत एवं अनुशासन को जीवन की दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि करियर की शुरुआत समय रहते करने से सफलता की राह आसान हो जाती है। विद्यार्थियों को उन्होंने अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए स्वयं की प्रतिभा पहचानने तथा समय का सदुपयोग करने की सीख दी। 
    कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। 
    इस अवसर पर लोधी क्षत्रिय एम्प्लाइज्ड एंड इंटेलैक्चुअल्स एसोसिएशन (लक्ष्य छत्तीसगढ़) के संगठन पदाधिकारीगण में लक्ष्य प्रदेश अध्यक्ष चैनदास जंघेल, उपाध्यक्ष कमलेश कुमार वर्मा, दुर्जनराम जंघेल, जिला इकाई बेमेतरा अध्यक्ष डॉ. अवधेश पटेल, सह शिक्षा प्रभारी श्रीमति सावित्री जंघेल, प्रचार सचिव नंदकुमार जंघेल, श्रीमति सविता वर्मा एवं जिला पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।