त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026, निर्वाचन तैयारियों में तेजी
बेमेतरा 14 मई 2026 - छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत बेमेतरा जिले हेतु अरविन्द कुमार पाण्डेय को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री पाण्डेय वर्तमान में रायपुर विकास प्राधिकरण रायपुर में अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रेक्षक के सहयोग, समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए आशीष कुमार गोलछा अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बेरला को लायजनिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
लायजनिंग ऑफिसर के रूप में श्री गोलछा निर्वाचन संबंधी गतिविधियों के दौरान प्रेक्षक को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने, भ्रमण कार्यक्रम के समन्वय, अधिकारियों से संपर्क स्थापित करने तथा प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।