पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर विधायक दीपेश साहू ने कार्यकर्ताओ को दी बधाई
बेमेतरा 05 मई 2026 - पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड एवं ऐतिहासिक विजय पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी सहित प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने इसे लोकतंत्र की सशक्त जीत बताते हुए कहा कि यह परिणाम देश की जनता के अटूट विश्वास, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कुशल मार्गदर्शन एवं लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का प्रतिफल है।
विधायक श्री साहू ने अपने विस्तृत सम्बोधन में कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जन-जन के विश्वास, उम्मीद और बदलाव की आकांक्षा की जीत है। पश्चिम बंगाल में लंबे समय से चल रही भय, हिंसा, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से जनता त्रस्त थी। आम नागरिक अपने ही राज्य में असुरक्षा और दबाव का जीवन जीने को मजबूर था। लेकिन इस बार बंगाल की जागरूक जनता ने लोकतांत्रिक ताकत का परिचय देते हुए उस कुशासन को सिरे से नकार दिया और भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर स्पष्ट संदेश दिया कि अब राज्य में भय और अराजकता की राजनीति नहीं चलेगी।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की पूर्व सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विगत वर्षों में राज्य में विकास की जगह वोट बैंक की राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जिसके कारण युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और आम जनता के अधिकारों की लगातार अनदेखी हुई। उद्योग, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बंगाल पीछे होता गया। लेकिन अब जनता ने परिवर्तन का संकल्प लिया है और भाजपा के नेतृत्व में एक नए, सुरक्षित और विकसित बंगाल की नींव रखी है।
विधायक श्री साहू ने कहा कि भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता अब केवल नारों से नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और पारदर्शिता के आधार पर निर्णय ले रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने जिस प्रकार से विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, उसका प्रभाव अब राज्यों के चुनावों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि असम और पुडुचेरी में भाजपा की शानदार सफलता यह दर्शाती है कि पूर्वोत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक भाजपा की स्वीकार्यता और जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है। असम में विकास और स्थिरता की राजनीति को जनता ने सराहा है, वहीं पुडुचेरी में भी भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास ने यह साबित कर दिया है कि पार्टी की नीतियां सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी हैं।
विधायक श्री साहू ने कहा कि भाजपा की यह विजय “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र की विजय है, जिसने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य किया है। गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और व्यापारी हर वर्ग को केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की योजनाओं से सीधा लाभ मिला है, जिससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।
उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है।
अंत में विधायक दीपेश साहू ने विश्वास जताया कि भाजपा की सरकारें पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में विकास, सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि का नया अध्याय लिखेंगी और देश को एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ाएंगी।