अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मिलेगा अवसर
बेमेतरा 21 मई 2026 - मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6 वीं में प्रवेश हेतु लिखित परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई 2026 रविवार को किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम कन्या विद्यालय बेमेतरा में आयोजित होगी।
आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार परीक्षा संचालन एवं मूल्यांकन कार्य की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसके तहत परीक्षा पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन कार्य के लिए प्रत्येक संस्था से दो-दो शिक्षकों के नाम मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों बेमेतरा, बेरला, साजा एवं नवागढ़ को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों की बैठक आयोजित कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र विद्यार्थियों से आवेदन प्राप्त करने एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुसार चेकलिस्ट के आधार पर प्राप्त सभी आवेदन पत्रों की सूची तैयार कर 30 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से संबंधित कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए उचित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।