उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे मार्ग पर नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा का किया औचक परीक्षण

नेशनल हाईवे मार्ग में रुककर पीड़ित बन डायल-112 सेवा में दर्ज कराई शिकायत, वाहन पहुंचने पर सभी उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण 

आपातकालीन स्थिति जैसे सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं या कसी भी संकट के समय बिना संकोच 112 नंबर करें डायल 
बेमेतरा 25 मई 2026 - रायपुर से कबीरधाम जाते समय उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिनांक 24 मई 2026 को बेमेतरा के पास नेशनल हाईवे मार्ग पर रुककर नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली का औचक परीक्षण किया। सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता एवं रिस्पॉन्स समय का परीक्षण करने हेतु उन्होंने स्वयं डायल-112 पर कॉल कर सड़क दुर्घटना पीड़ित बन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज कराने के बाद वे समीप स्थित एक ढाबे के पास रुककर पुलिस वाहन के पहुंचने की प्रतीक्षा करते रहे। निर्धारित समय में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद उप मुख्यमंत्री ने वाहन एवं उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। 
  निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहन में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, संचार व्यवस्था, रिस्पॉन्स सिस्टम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने वाहन में लगे लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कार्यप्रणाली, हेल्पलाइन सहायता प्रक्रिया तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं का भी निरीक्षण किया। 
    उल्लेखनीय है कि विगत दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ में सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 400 नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेशवासियों को समर्पित किया गया था। नई तकनीक से लैस ये वाहन प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच एवं रिस्पॉन्स समय को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 
      इस उन्नत व्यवस्था के अंतर्गत डायल-112 सेवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्थान पहचान तकनीक को शामिल किया गया है, जिससे संपूर्ण व्यवस्था तकनीकी रूप से अधिक सक्षम एवं त्वरित बनी है। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रणाली में पैनिक बटन एवं विशेष निगरानी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। इसके माध्यम से पुलिस सहायता, एम्बुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा तथा महिला सहायता हेल्पलाइन को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है। 
   छत्तीसगढ़ शासन की यह महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 
        बेमेतरा पुलिस को आपातकालीन सेवा डायल - 112, हाईटेक 11 नये ईआरवी वाहन प्रदाय किया गया है। आम जनता को संकट के समय तुरंत सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से बेमेतरा जिले के थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा, बेरला, साजा, परपोडी, खम्हरिया, नवागढ, नांदघाट, दाढी एवं चंदनू को 11 नए आधुनिक डायल - 112 चारपहिया वाहन दिया गया है। इन वाहनों के आने से जिले की सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। 
     पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन पर बेमेतरा जिले में आम नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ये एक्के नम्बर सब्बो बर डायल-112 सेवा, ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात हैं, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। 
    जिला बेमेतरा में डायल- 112 सेवा शुभारंभ दिनाँक से अब तक कुल 162 इवेंट (प्रकरण) डायल -112 के माध्यम से प्राप्त हुआ हैं। जिसमें आपातकालीन स्थिति जैसे सड़क दुर्घटना, विवाद, मारपीट, आगजनी, जहर सेवन और फांसी लगाने वाले प्वाइंट शामिल हैं । डायल 112 सेवा में तैनात जवानों द्वारा आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता कर अपनी उत्तम सेवा प्रदान कर रही है। 

अपील - बेमेतरा पुलिस जिले के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति जैसे सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं या कसी भी संकट के समय बिना संकोच 112 नंबर डायल करें। बेमेतरा पुलिस आपकी सुरक्षा और सेवा के लिए हर समय प्रतिज्ञाबद्ध है।