कुम्ही बेरला की दो पंचवर्षीय सरपंच रह चुकी हैं कल्याणी साहू, अब मिला महिला कमान का नेतृत्व
बेमेतरा 20 अप्रैल 2026 - भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी की अनुशंसा और वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से कल्याणी साहू को भाजपा महिला मोर्चा की सरदा मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ज्ञात हो कि कल्याणी साहू कुम्ही की दो पंचवर्षीय सरपंच रह चुकी हैं। संगठन ने उनके सामाजिक कार्यों और सक्रिय भागीदारी को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त महिला मोर्चा की सरदा मंडल अध्यक्ष कल्याणी साहू ने कहा कि पार्टी द्वारा मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, उस विश्वास को मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाऊंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता अब घर-घर जाकर सच्चाई बताएगी और विपक्ष के झूठ को बेनकाब करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा, लेकिन भाजपा ने उन्हें सम्मान, सुरक्षा व सशक्तिकरण दिया है। अब विपक्ष के हर झूठ, हर भ्रम व हर विफलता का जमीनी स्तर पर जवाब दिया जाएगा। महिलाएं अब सिर्फ भागीदारी नहीं, बल्कि नेतृत्व और संघर्ष की अग्रिम पंक्ति में होंगी। आगामी दिनों में महिला मोर्चा द्वारा पदयात्रा, जनसंपर्क अभियान, घर-घर संवाद, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिससे संगठन की पकड़ और मजबूत होगी।
उनकी नियुक्ति पर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष यामिनी वैष्णव, पाहन्दा सरपंच कुसुम साहू, बलौदी सरपंच चंपा चौहान, पूर्व जनपद सदस्य किरितपुर सुराजमणि दिवाकर, मटिया की ज्योति यादव, बारगांव की ललिता देवांगन, देवरी पूर्व सरपंच भारती/विमल साहू, ललिता साव, डाली साहू रांका, पूर्णिमा मानिकपुरी कठिया, यामिनी साहू सुरहोली, संतोषी पुरेना, रंगीता साहू, सावित्री साहू ने हर्ष जताया है।