गांव चलो-बस्ती चलो अभियान में योजनाओं की जानकारी देना है उद्देश्य
अभियान में लाभार्थियों का श्रीफल भेंटकर सम्मान
बेमेतरा 12 अप्रैल 2026 - भाजपा के स्थापना दिवस पर 12 अप्रैल तक चलाए जा रहे गांव चलो-बस्ती चलो अभियान के तहत भाजपा मंडल सरदा द्वारा बारगांव में रविवार को अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यकर्ताओं ने गांव में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से मुलाकात की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री नरेंद्र वर्मा ने कहा कि गांव चलो-बस्ती चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास कर रहे हैं।
अभियान के प्रभारी सनत साहू ने बताया कि यह अभियान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने एवं आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में सरदा भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, सतीष यादव, मुकेश ध्रुव, सतीश तिवारी, डॉ देवांगन, उदय निषाद सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
लाभार्थियों से संपर्क कर किया श्रीफल भेंटकर सम्मानित
अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला गैस योजना व हर घर जल-हर घर नल योजना के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।