मुड़पार खुर्द के हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ, महाआरती और भंडारे का आयोजन
बेमेतरा 02 अप्रैल 2026 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम मुड़पार खुर्द स्थित हनुमान मंदिर में भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
मंदिर के आचार्य दामोदर शर्मा ने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जयंती मनाई जाती है।
मंदिर में विजय व दुलेश्वरी पटेल ने सुबह से ही भगवान श्रीराम और हनुमान की मूर्तियों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं दोपहर में हनुमान के सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति भाव से पाठ किए।
भक्त विजय पटेल ने बताया कि हनुमान की भक्ति दास-भाव की सर्वोच्च मिसाल मानी जाती है, जहां भक्त स्वयं को पूरी तरह भगवान के प्रति समर्पित कर देता है। यही कारण है कि हनुमान को परम रामभक्त के रूप में पूजा जाता है और उनकी भक्ति हर श्रद्धालु के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में शाम 6 बजे भगवान श्रीराम और हनुमान की महाआरती की गई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का वितरण किया गया।
मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना हुआ था और बड़ी संख्या में भक्त दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंच रहे थे।