आम जनता के कार्यों में अनावश्यक देरी और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी 

जनशिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर, गर्मी में पेयजल व स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश 
बेमेतरा 21 अप्रैल 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय स्थित दिशा भवन सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता के कार्यों में अनावश्यक देरी और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। 

लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश 
कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए कलेक्टर जनदर्शन, मुख्यमंत्री जन-चौपाल एवं पीजी पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि पोर्टल पर कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी। 

विकास कार्यों और बुनियादी सेवाओं पर फोकस 
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसेवाओं की समीक्षा करते हुए पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब हैंडपंपों को तत्काल सुधारने के लिए कहा गया। इसके अलावा जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। 

राजस्व मामलों में समय-सीमा का पालन जरूरी 
कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यालयीन समय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा जनसुनवाई के दौरान संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजनाओं की प्रगति में कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग प्रमुख की जवाबदेही तय की जाएगी। 

सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा 
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें। 

जनहितकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे 
कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक सहजता से पहुंचे, यह सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदनों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित में संचालित योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का माध्यम हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

जवाबदेही तय, लापरवाही पर होगी कार्रवाई 
बैठक के अंत में कलेक्टर ने दोहराया कि कार्यों में लापरवाही या जवाबदेही में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।