एम्बुलेंसों की उपलब्धता से गंभीर एवं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर मिलेगा उपचार, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बनेंगी और अधिक सशक्त एवं जनहितकारी - विधायक दीपेश साहू

स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तार की दिशा में बड़ी पहल : बेमेतरा जिले को मिलीं 6 संजीवनी 108 एम्बुलेंस 

विधायक के साथ अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाया किया एंबुलेंसो को रवाना 
बेमेतरा 03 अप्रैल 2026 - बेमेतरा जिले के स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ीकरण तहत वर्तमान में 6 संजीवनी 108 एंबुलेंस प्राप्त हुआ है, यह सुविधा प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 31 मार्च को 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट संजीवनी एक्सप्रेस 108 एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया था। 
 इसमें बेमेतरा जिले को कुल 6 एम्बुलेंस सेवाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 2 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट तथा 4 बेसिक लाइफसपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं। यह पहल जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 
       इसी क्रम में जिला चिकित्सालय बेमेतरा के आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक बेमेतरा दीपेश साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पार्षद नीतू कोठारी, डॉ विनय साहू, संदीप यादव एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर इन एम्बुलेंसों को रवाना किया। 
     इस अवसर मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू ने कहा कि इन एम्बुलेंसों की उपलब्धता से गंभीर एवं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा उन्हें त्वरित रूप से नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त एवं जनहितकारी बनेंगी। 
      उक्त अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बीएल राज, सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू, बीएमओ डॉ अश्विनी वर्मा, अस्पताल प्रबंधन डॉ स्वाति यदु के साथ डॉक्टर एवं स्टाफ उपस्थित रहे। 
जिला चिकित्सालय के साथ सीएससी केंद्रों में रहेगी तैनात  
यह संजीवनी 108 एंबुलेंस जिला चिकित्सालय के साथ विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात रहेगी। एंबुलेंस जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट तथा बेसिक लाइफसपोर्ट एम्बुलेंसों की सुव्यवस्थित तैनाती की गई है। एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय बेमेतरा में उपलब्ध रहेंगी, जहां गंभीर मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सकेगी। इसी प्रकार बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सीएचसी साजा, सीएचसी बेरला, सीएचसी नवागढ़, एवं नांदघाट स्वास्थ्य केंद्र में तैनात रहेंगी।  

उन्नत उपकरण से लैस होगी एम्बुलेंस, मिलेगी त्वरित चिकित्सा सेवा 
एम्बुलेंसों में मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक एवं उन्नत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाओं के साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, नेबुलाइजेशन एवं अन्य आपातकालीन उपचार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। गंभीर मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण हेतु पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप, लैरिंजो स्कोप सहित अन्य उन्नत उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। यह समग्र पहल प्रदेश के शहरी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभ, त्वरित एवं प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए नागरिकों के लिए एक मजबूत जीवन रक्षक तंत्र के रूप में स्थापित होगी।