पलारी जलाने में बरतें सावधानी, आगजनी की घटनाओं से बचाव जरूरी - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

पलारी जलाना अत्यंत आवश्यक हो तो पड़ोसी खेत मालिक के साथ प्रशासन एवं राजस्व विभाग को पूर्व सूचना देना अनिवार्य 
बेमेतरा 23 अप्रैल 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने जिले के किसानों एवं ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा है कि खेतों एवं बाड़ी में रखी पलारी (फसल अवशेष) को जलाने से गंभीर आगजनी की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वर्तमान में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए ऐसी गतिविधियों से विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने कहा कि कई बार पलारी में लगाई गई आग अनियंत्रित होकर आसपास के खेतों, खलिहानों तथा आबादी क्षेत्रों तक फैल जाती है, जिससे बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इससे न केवल फसलों का नुकसान होता है, बल्कि जन-धन की हानि की भी संभावना बनी रहती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पलारी को जलाने से यथासंभव बचें और वैकल्पिक उपायों को अपनाएं। 
     उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी स्थिति में पलारी जलाना अत्यंत आवश्यक हो, तो संबंधित ग्रामीण प्रशासन एवं राजस्व विभाग को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा। साथ ही आसपास के खेतों के मालिकों को भी सूचित किया जाए, ताकि सभी मिलकर संभावित खतरे से बचाव कर सकें। कलेक्टर ने यह भी कहा कि आग लगाने से पूर्व पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, जैसे कि पानी, मिट्टी, अग्निशमन उपकरण आदि की व्यवस्था रखना तथा आग को सीमित क्षेत्र में नियंत्रित रखने के उपाय करना। ग्राम स्तर पर कोटवार के माध्यम से सूचना प्रसारित करने और निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। 
      कलेक्टर ने सभी किसानों एवं ग्रामीणों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी सजग रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि जिले में सुरक्षित एवं दुर्घटना मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।