कलेक्टर ने ली निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए कड़े निर्देश
समीक्षा में कलेक्टर की दो टूक - निर्माण कार्यों में रखा जाए गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान
बेमेतरा 23 अप्रैल 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष (दिशा भवन) में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन विभाग, नगरीय निकाय, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गुणवत्ता और समय-सीमा सर्वोच्च प्राथमिकता
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित और धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
पारदर्शिता के साथ गुणवत्ता परीक्षण अनिवार्य
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से सैंपलिंग एवं लैब परीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का भौतिक सत्यापन पूर्ण हो चुका है, उनके भुगतान में अनावश्यक विलंब न किया जाए, ताकि कार्यों की प्रगति प्रभावित न हो। उन्होंने विशेष रूप से मानसून से पूर्व सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया।
मानसून पूर्व जरूरी कार्यों को प्राथमिकता
कलेक्टर ने नाली निर्माण, सड़क मरम्मत, पुल-पुलिया निर्माण एवं जल निकासी से जुड़े कार्यों को बारिश से पहले अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में देरी से आमजन को परेशानी होती है, जिसे हर हाल में टालना आवश्यक है। बैठक में लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मार्गों के उन्नयन एवं डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने, नगरीय निकायों को अमृत मिशन एवं शहरी सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को पंचायत स्तर के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्माण कार्यों में बाधा बन रही बिजली लाइनों के शिफ्टिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक बाधा न आए।
साप्ताहिक निरीक्षण और मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही पूर्ण कार्यों के गुणवत्ता युक्त फोटोग्राफ एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य सीधे आमजन से जुड़े हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।