ऐसे मंच के माध्यम से प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता है, साथ ही वे नई पीढ़ी को संस्कृति एवं धर्म से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं - राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी

लोक महोत्सव भिंभौरी में शामिल हुए भाजपा किसना नेता योगेश तिवारी 
बेमेतरा 14 अप्रैल 2026 - बेमेतरा जिले के नगर पंचायत भिंभौरी में दिनांक 11 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित दो दिवसीय “महतारी के मया लोक महोत्सव” में भाजपा किसान नेता एवं सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी शामिल हुए। माँ भवानी की कृपा से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जसगीत, लोककला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का आयोजन जय भवानी दुर्गा समिति भिंभौरी एवं समस्त नगरवासियों के सहयोग से किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। जसगीत, लोकनृत्य, नवधा रामायण एवं झांकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 
     इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने “जय मां दुर्गा ” के उद्घोष के साथ कहा कि भिंभौरी नगर पंचायत हर वर्ष इस प्रकार के भव्य ओर धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन कर क्षेत्र की पहचान को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हम छत्तीसगढ़ की पावन धरती में जन्मे हैं, जहां लोक कला और संस्कृति की इतनी समृद्ध परंपरा है।  
 उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता है और वे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं धर्म से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे कलाकार छत्तीसगढ़ का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। 
  किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमें एक सूत्र में बांधकर रखती है। जब तक समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारा बना रहेगा, तब तक हमारी परंपराएं और संस्कृति जीवित रहेंगी। उन्होंने भिंभौरी नगर पंचायत के विकास की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह नगर छत्तीसगढ़ के आदर्श नगर पंचायत के रूप में अपनी पहचान बनाए। 
उन्होंने मंच से यह भी कहा कि जीवन में माता-पिता का सम्मान और सेवा सबसे बड़ा धर्म है। उनके आशीर्वाद से ही व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ता है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों का मार्गदर्शन ही हमें सही दिशा दिखाता है, इसलिए हमें उनके अनुभवों का सम्मान करना चाहिए। 
     इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप परगनिहा, चंद्रशेखर परगनिहा, लखन चक्रधारी, हरिश्चंद्र वर्मा, अमर साहू, देवी सिंह साहू, मोती साहू, राजेंद्र वर्मा, कमलेश वर्मा, कामदेव धीवर, रामकृष्ण साहू सहित समस्त पार्षदगण, आयोजन समिति एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने इस लोक महोत्सव को अत्यंत सफल और यादगार बना दिया।