आदु के लोकार्पण, भूमिपूजन एवं कर्मा जयंती महोत्सव में विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
बेमेतरा 14 अप्रैल 2026 - बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आदु में ग्रामीण इकाई साहू संघ द्वारा आयोजित संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम मे विशिष्ट अतिथि के रूप मे रजक कार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू सहित समस्त उपस्थित अतिथियों ने भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री साहू द्वारा ग्राम आदु में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनमें 14 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय प्राथमिक शाला भवन, 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भवन, 8 लाख 71 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित किसान सामुदायिक भवन तथा 10 लाख 40 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्राम के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
अपने विस्तृत संबोधन में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज में एकता, सेवा और समर्पण का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। कर्मा जयंती हमें अपनी परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को संजोने और आगे बढ़ाने का अवसर देती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ लगातार शिक्षा, सड़क, भवन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूल भवनों के निर्माण से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, वहीं सामुदायिक भवन ग्रामीणों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र बनेगा। सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा और गांव के विकास को गति मिलेगी।
विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना एवं धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत किया गया है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनका जीवन सुरक्षित और सम्मानजनक बन रहा है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के जरिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। इसी प्रकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शौचालय निर्माण एवं स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, सड़क, पेयजल, बिजली और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंचे। ग्राम आदु में जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, वे इसी सोच का परिणाम हैं और आने वाले समय में गांव की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विधायक श्री साहू ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से समाज में एकता और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया।
विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका संकल्प है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। आने वाले समय में भी क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रहलाद रजक (अध्यक्ष रजककार बोर्ड), लखन लाल साहू (सोसायटी अध्यक्ष), लालू साहू (प्रतिनिधि जनपद सरदा), भिखु राम साहू, यादो राम साहू (जामगांव), हेमन्त वैष्णव, कैलाश साहू (सरपंच पाहंदा), सरजू साहू (सरपंच आंदु), कमल किशोर साहू, सुरीत राम साहू, दशरथ साहू, मनहरण साहू (सरपंच जामगांव), रघुवीर साहू, अतरंगी सरपंच एवं लेंजवारा सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।