भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना और अंत्योदय के सिद्धांत वाली है एक सशक्त विचारधारा - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी

भाजपा के 47 वें स्थापना दिवस पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने भाजपा ध्वजा फहराकर कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं 
बेमेतरा 08 अप्रैल 2026 - भारतीय जनता पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने निवास पर पार्टी का ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के संस्थापकों, वरिष्ठ नेताओं एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण को नमन किया। 
       इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना और अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करने वाली एक सशक्त विचारधारा है। पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ भाजपा निरंतर कार्य कर रही है। 
   उन्होंने कहा कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष के बल पर आज भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हुई है। यह उपलब्धि प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा का परिणाम है। 
  अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण और सुशासन की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। 
   उन्होंने आगे कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। विशेष रूप से गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। 
      जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने कहा कि यह स्थापना दिवस हमें संगठन की विचारधारा को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। 
    उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दें। 
          अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी का यह गौरवशाली सफर आगे भी इसी तरह जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर जारी रहेगा।