26 अप्रैल को होगी मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, 2.47 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

परीक्षा के लिए राज्य के 16 जिलों में परीक्षा केंद्र, बेमेतरा में एक भी नहीं 

सुबह 9:30 बजे बंद होगा परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार, देर से पहुंचने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश 

ड्रेस कोड सख्त, मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध, नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई 
बेमेतरा 23 अप्रैल 2026 - छत्तीसगढ़ में कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 के सफल आयोजन हेतु व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। 
      परीक्षा का आयोजन राज्य के 16 जिलों में किया जा रहा है, जबकि सभी 33 जिलों के परीक्षार्थी इसमें सम्मिलित होंगे। बेमेतरा जिले में इस परीक्षा के लिए कोई परीक्षा केंद्र निर्धारित नहीं किया गया है। 
        जिला प्रशासन द्वारा बेमेतरा जिले के अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र (अन्य जिलों में स्थित) की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें और परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय में संबंधित परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचें। साथ ही, परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पूर्व केंद्र में उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। 
    यह परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 
     ड्रेस कोड के अंतर्गत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून या चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच हेतु पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। 
      इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को चप्पल पहनकर आने, कान में किसी भी प्रकार के आभूषण न पहनने तथा परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी आदि लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी।
      परीक्षार्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन साथ लाने की अनुमति होगी। 
    जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र (अन्य जिलों में) पर समय से पहुंचें एवं सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।