विश्व महिला दिवस पर “हर घर रिचार्ज पिट” का आह्वान

सभा, चौपाल और रैली के माध्यम से जल संरक्षण महाभियान को मिल रहा जनसमर्थन 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 मार्च 2026 - जिले में लगातार गिरते भू-जल स्तर और संभावित जल संकट को देखते हुए “जल संरक्षण महाभियान” के तहत व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सभा, चौपाल और रैली के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को अपने घरों में रिचार्ज पिट निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया है कि बेमेतरा जिला वर्तमान में गंभीर जल संकट की स्थिति का सामना कर रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में यह संकट और अधिक भयावह रूप ले सकता है। जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है, इसलिए वर्तमान समय में हम सबका सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य है - जल का संरक्षण और संवर्धन।0

08 मार्च - विश्व महिला दिवस पर विशेष संकल्प 
08 मार्च 2026 को इंटरनेशनल वीमेन डे के अवसर पर जिलेवासियों से विशेष आह्वान किया गया है कि वे इस दिन महिलाओं के सम्मान में अपने घरों में रिचार्ज पिट का निर्माण कर जल संरक्षण का संकल्प लें। यह संदेश दिया गया है कि “जल शक्ति से ही नारी सशक्त होती है”, क्योंकि जल के बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। परिवार और समाज की आधारशिला के रूप में महिलाओं की भूमिका को सम्मान देते हुए इस दिवस पर जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। 

जन-जन से सहयोग की अपील 
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे न केवल स्वयं जल की एक-एक बूंद बचाएं, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। भू-जल स्तर में सुधार लाने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए प्रत्येक घर में रिचार्ज पिट निर्माण को आवश्यक बताया गया है। 

सरल, प्रभावी और स्थायी उपाय है - “हर घर रिचार्ज पिट” 
जल संकट को दूर करने का सबसे सरल, प्रभावी और स्थायी उपाय है - “हर घर रिचार्ज पिट”। इसलिए विश्व महिला दिवस के इस पावन अवसर पर जिलेवासियों से आह्वान है कि वे पृथ्वी के भीतर जल संचयन कर जीवन बचाने के इस महाभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और बेमेतरा को जल संकट से मुक्ति दिलाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।