जल जीवन मिशन से हर घर तक पहुँचा स्वच्छ पेयजल
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 मार्च 2026 - छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा गोद लिए गए ग्राम टेमरी विकासखण्ड नवागढ़ जिला बेमेतरा निरंतर विकास की दिशा में नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। लगभग 3794 की आबादी वाले इस ग्राम में शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवनस्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
ग्राम टेमरी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा लंबे समय से पेयजल आपूर्ति हेतु हैण्डपम्प एवं पावर पम्प के माध्यम से जल उपलब्ध कराया जाता रहा है। इसके साथ ही अब शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत व्यापक अधोसंरचना विकास कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
382 घरों में नल कनेक्शन से नियमित आपूर्ति
योजना के तहत ग्राम टेमरी में सुव्यवस्थित रूप से पाइप लाइन विस्तार, ओवरहेड टंकी निर्माण तथा फंक्शनल हाउस होल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) प्रदान किए गए हैं। वर्तमान में ग्राम के कुल 382 घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जल परीक्षण, रख-रखाव एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था
जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त एवं स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जल परीक्षण, रख-रखाव एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था के साथ योजना का संचालन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को वर्षभर सुचारू जलापूर्ति मिल सके।
स्वास्थ्य में सुधार तथा स्वच्छता जागरूकता में वृद्धि
ग्रामवासी योजना का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। विशेषकर महिलाओं को अब दूरस्थ स्रोतों से पानी लाने की आवश्यकता नहीं रह गई है, जिससे उनके समय और श्रम की बचत हो रही है। स्वच्छ जल उपलब्धता से स्वास्थ्य स्तर में सुधार तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता में भी वृद्धि हुई है।
आदर्श ग्राम विकसित की दिशा में प्रयास जारी
महामहिम राज्यपाल द्वारा ग्राम को गोद लिए जाने के पश्चात यहाँ विकास कार्यों में और अधिक गति आई है। प्रशासनिक सतर्कता, विभागीय समन्वय एवं जनभागीदारी के माध्यम से ग्राम टेमरी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में सतत प्रयास जारी हैं। ग्राम टेमरी आज समन्वित ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण और जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है।