होली पर्व के मद्देनजर डीआईजी रामकृष्ण साहू ने देर रात्रि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवानों से मौके पर मुलाकात कर हौसला बढ़ाते हुए उन्हें ईमानदारी एवं कुशलतापूर्वक ड्यूटी निर्वहन करने के दिए निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 04 मार्च 2026 - आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) द्वारा देर रात्रि बेमेतरा जिले के शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। 
   निरीक्षण के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों तथा पेट्रोलिंग ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों से मौके पर पहुंचकर मुलाकात की गई। डीआईजी ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें अपनी ड्यूटी ईमानदारी एवं कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। 
उन्होंने असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आसूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

अपील - पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे होली पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।