महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शिवालय परिसर
विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कर सुख-समृद्धि की कामना की गई
पुलिस परिवार की महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान श्री भोलेनाथ के प्रति आस्था व्यक्त की
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 फरवरी 2026 - पुलिस कालोनी बेमेतरा स्थित शिवालय में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान श्री भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, महाआरती, हवन-पूजन, भंडारा/प्रसादी वितरण एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
प्रातःकाल से ही शिवालय परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। हर-हर महादेव के जयघोष से समूचा परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। पुलिस परिवार द्वारा विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई। हवन एवं पूर्णाहुति के पश्चात भंडारा/प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर आचार्य पं. अभिषेक दुबे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपूर्ण पूजा-अर्चना विधिपूर्वक संपन्न कराई गई। भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की स्तुति कर अपने जीवन को कृतार्थ किया।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान श्री भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की तथा सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।