बिहान अंतर्गत गठित स्व सहायता समूह, ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का बन चुके हैं मजबूत रीढ़ - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

बेमेतरा कलेक्टर ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक में चर्चा कर जानी योजना की स्थिति 

स्व सहायता महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया गया विशेष जोर 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 जनवरी 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में दिशा सभाकक्ष में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) अंतर्गत संचालित योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहान योजना, स्व सहायता महिला समूहों के सशक्तिकरण, लखपति दीदी अभियान सहित आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। 
    कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि बिहान अंतर्गत गठित स्व सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत रीढ़ बन चुके हैं। उन्होंने समूहों को केवल ऋण तक सीमित न रखते हुए स्थायी आजीविका, उत्पादन आधारित गतिविधियों एवं बाजार से जोड़ने पर विशेष बल दिया। 

लखपति दीदी अभियान को मिलेगी नई गति 
बैठक में लखपति दीदी अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में अधिक से अधिक महिलाओं को चिन्हांकित कर बहु-आय स्रोतों से जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि वे वार्षिक रूप से न्यूनतम एक लाख रुपये की आय अर्जित कर सकें। इसके लिए कृषि आधारित उद्यम, पशुपालन, वनोपज संग्रहण, खाद्य प्रसंस्करण एवं स्थानीय संसाधनों पर आधारित गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। 

स्व सहायता समूहों को मिलेगा प्रशिक्षण एवं बाजार 
कलेक्टर ने कहा कि महिला समूहों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल लेन-देन एवं ब्रांडिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को स्थानीय हाट-बाजार, शासकीय आयोजनों एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए गए। 

समयबद्ध लक्ष्य एवं सतत निगरानी के निर्देश 
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि NRLM के अंतर्गत संचालित योजनाओं का लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला स्वावलंबन ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है। 

बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, एसडीएम श्रीमती दिव्या पोटई, एसडीएम सुश्री हर्षलता वर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।