कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में समय-सीमा, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं जनदर्शन प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 13 जनवरी 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव है, उन्हें शीघ्र हल किया जाए, वहीं जिन मामलों में समय लगना आवश्यक है, उनके वास्तविक कारणों की जानकारी संबंधित आवेदक को समय पर दी जाए। मुख्यमंत्री जनदर्शन के प्रकरणों का विशेष रूप से गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य, समय पर कार्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों में लागू आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अनिवार्य रूप से आधार आधारित प्रणाली में उपस्थिति दर्ज कराएं। नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज नहीं करने अथवा विलंब से आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर न रहें अधिकारी कर्मचारी
प्रशासनिक कार्यों में कसावट लाने एवं जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने अधिकृत मुख्यालय में निवास करने के निर्देश दिए। बिना अधिकृत अनुमति के मुख्यालय से बाहर पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ई-ऑफिस प्रणाली से ही होंगे शासकीय कार्य
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासकीय फाइलों, पत्राचार, आदेश एवं दस्तावेजों का निष्पादन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए, जिससे कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।
कोई भी किसान धान विक्रय से वंचित न रहे
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पंजीकृत किसानों का धान विक्रय सुनिश्चित किया जाए। धान खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन हेतु अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा सौंपे गए दायित्वों का समय पर एवं गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर,अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, अपर कलेक्टर गुड्डूलाल जगत, एसडीएम नवागढ़ एसडीएम बेरला, एसडीएम साजा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पिंकी मनहर सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।