शनिवार, 24 जनवरी 2026

रुद्र महायज्ञ जैसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के हैं जीवंत प्रतीक - भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी

श्री चण्डी आश्रम नेवनारा में आयोजित रुद्र महायज्ञ में शामिल हुए भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी 

01 फरवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति, कपिला तर्पण एवं अमृत स्नान मेला का आयोजन 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 23 जनवरी 2026 - हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री चण्डी आश्रम नेवनारा में आयोजित रुद्र महायज्ञ के अंतर्गत माघ शुक्ल पक्ष पंचमी दिनांक 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को पंचांग पूजन, जलयात्रा, मंडप प्रवेश एवं विधिवत पूजन कार्यक्रम शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने सहभागिता कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। 
     महायज्ञ का आयोजन वैदिक परंपराओं एवं शास्त्रीय विधि-विधान के साथ किया जा रहा है। यज्ञाचार्य के रूप में ग्राम बाबा मोहतरा बेमेतरा निवासी आचार्य भेषज शुक्ला द्वारा यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है, वहीं कथा वाचन का दायित्व आचार्य पंडित संत कुमार दुबे परसदा, मंदलोर, राजिम द्वारा निभाया जा रहा है। यज्ञ स्थल पर वैदिक मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण दिखाई दिया।  
  इस अवसर पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा कि रुद्र महायज्ञ जैसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे यज्ञ न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और सद्भाव का संचार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना के माध्यम से व्यक्ति आत्मशुद्धि, संयम और सेवा भाव की प्रेरणा प्राप्त करता है। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में जब समाज अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब इस प्रकार के वैदिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। गांव और क्षेत्र में इस तरह के धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से जुड़ती है, जो सामाजिक संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। 
   आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई कि दिनांक 01 फरवरी 2026 (रविवार) को यज्ञ की पूर्णाहुति, कपिला तर्पण एवं अमृत स्नान मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होंगे। 
         कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल, सचिव वीरेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष रामअवतार साहू सहित वीरेंद्र शर्मा, आचार्य भेषज शुक्ला, जितेंद्र चौबे, कान्हा चौबे, महेश तिवारी, सोमेश्वर शर्मा, आकाश शुक्ला, शिवा तिवारी, उमा शंकर शर्मा, प्रद्युम्न तिवारी, राजा शास्त्री सहित अनेक समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं का सक्रिय योगदान रहा। 

भगवान से जुड़ना सिखाती है श्रीमद भागवत - श्रद्धा दीदी

श्रीकृष्ण-रूखमणी विवाह कथा सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु  श्रीमद् भागवत कथा बारगांव (बेरला) में उमड़ी श्रोताओं की भीड़, आज होगी सुदामा चरित्र की...