मंगलवार, 27 जनवरी 2026

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी, संदेश का भी किया वाचन

आकर्षक झांकियों में दिखी शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की झलक 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन 

प्रथम रहे - कृषि विभाग झांकी, JNV बहेरा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुलिस बल प्लाटून नंबर-1 परेड में 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 जनवरी 2026 - जिले में 77 वां गणतंत्र दिवस आज 26 जनवरी 2026 को पूर्ण गरिमा, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय बेमेतरा के बेसिक मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। 
ध्वजारोहण उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा शांति एवं एकता के प्रतीक स्वरूप तिरंगे रंग के गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया। समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 
   गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस बल एवं नगर सेना की टुकड़ियों द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसमें अनुशासन, एकरूपता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। परेड का निरीक्षण एवं सलामी मुख्य अतिथि द्वारा ली गई। 
समारोह में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय गतिविधियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा, आदिम जाति कल्याण सहित अन्य विभागों की झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। 
          कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन के लिए पुलिस जवानों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्वच्छता कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 
झांकियों में स्थान - विभागीय झांकियों की प्रतियोगिता में कृषि विभाग को प्रथम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को द्वितीय तथा उद्यानिकी विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। 

सांस्कृतिक कार्यक्रमो में स्थान - सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा ने प्रथम, एलंस पब्लिक स्कूल ने द्वितीय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बेमेतरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 
परेड प्रतियोगिता में स्थान - परेड प्रतियोगिता में पुलिस बल प्लाटून नंबर-1 ने प्रथम, पुलिस बल प्लाटून नंबर-2 ने द्वितीय एवं नगर सेना प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर ग्रुप में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला स्काउट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 

   समग्र रूप से जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण रहा। 

सीएमएचओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर ने राष्ट्रीय तंबाखू नियंत्रण के प्रशिक्षण में दिलाई तंबाकू निषेध की शपथ

कलेक्टर के निर्देशन व सीएचएमओ के मार्गदर्शन पर शिक्षक, मितानिन ट्रेनर एवं विकासखंड समन्वयकों का तंबाखू नियंत्रण पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण  ...