नगर पंचायत भिंभौरी में मनाया गया बसंत पंचमी का उत्सव
छत्तीसगढ़ स्तरीय कबड्डी-चौसर प्रतियोगिता, मंडई व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पहुंचे भाजपा किसना नेता योगेश तिवारी
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 25 जनवरी 2026 - जिलें के नगर पंचायत भिंभौरी तहसील भिंभौरी में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बसंत पंचमी के पावन पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्तरीय भव्य मंडई, कबड्डी एवं चौसर प्रतियोगिता का आयोजन 23 जनवरी 2026 शुक्रवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर आयोजित इस आयोजन में पारंपरिक खेलों के साथ-साथ लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता एवं खेल भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। दिनभर कबड्डी एवं चौसर प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। वहीं रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार अनुराग शर्मा की “स्टार नाइट्स” प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी का आयोजक समिति एवं नगरवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा कि बसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, संस्कृति और नवचेतना का उत्सव है। यह पर्व हमें नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मंडई, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम ग्रामीण जीवन की आत्मा होते हैं, जो समाज को जोड़ने, परंपराओं को जीवित रखने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने विशेष रूप से कबड्डी और चौसर जैसे पारंपरिक खेलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कबड्डी केवल एक खेल नहीं, बल्कि साहस, रणनीति, फुर्ती और आत्मविश्वास का प्रतीक है। यह खेल शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक संतुलन और निर्णय क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे खेल गांवों की मिट्टी से जुड़े हुए हैं और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं, यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि चौसर जैसे पारंपरिक खेल हमारी लोकसंस्कृति और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं, जो परिवार और समाज को एक साथ जोड़ते हैं। ऐसे खेलों के माध्यम से आपसी संवाद, धैर्य और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित होती है, जिसे आज के डिजिटल युग में संरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।
भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा कि खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का निर्माण करते हैं। ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नशा, अपराध और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ विचारों को भी विकसित करें। उन्होंने आयोजकों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि नगर पंचायत भिंभौरी द्वारा लगातार ऐसे सांस्कृतिक, खेल और पारंपरिक आयोजनों का आयोजन कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत को जीवित रखा जा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। ऐसे आयोजनों से न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना भी सुदृढ़ होती है।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, उपाध्यक्ष लोकेश सिन्हा, सोमेश पाटिल, सचिव विक्रम साहू, कोषाध्यक्ष खिलेश्वर साहू (विक्की), उप कोषाध्यक्ष विजय धीवर, रवि वर्मा सह सचिव, राहुल साहू, कप्तान लिकेश साहू, उप कप्तान दुर्जन यादव, चिरंजीत धीवर, गजेन्द्र यादव, कोच शीतल साहू, सेवाराम पाठक, लेखराम साहू, टीकम सिंह वर्मा, देवसिंह साहू, डॉ. साहू, श्याम वर्मा, सूर्यकांत परगनिहा, अजय वर्मा, सनत सिन्हा सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में नगरवासी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों द्वारा अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोग कर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इसी प्रकार भव्य आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।