मुद्दा है 10 माह से नहीं मिली 15 वें वित्त की राशि, सरपंच कर रहे आर्थिक समस्या का सामना
एक दिवसीय धरना प्रदर्शन व चक्काजाम कर एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ को दिया ज्ञापन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/बेरला 06 जनवरी 2026 - जिले के जनपद पंचायत बेरला के ग्राम पंचायतों का 15 वें वित्त की राशि और मूलभूत सुविधा प्राप्त नहीं होने पर सरपंच संघ बेरला अध्यक्ष रघुवीर पिंटू सिंहा के नेतृत्व में समस्त सरपंचों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर ब्लाक मुख्यालय बेरला में चक्काजाम कर मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एसडीएम, तहसीलदार व सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञात हो कि जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों का मूलभूत एवं 15 वें वित्त की राशि प्राप्त नहीं होने के कारण एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम किया गया। इस दौरान सरपंच संघ बेरला अध्यक्ष रघुवीर पिंटू सिंहा के नेतृत्व में सर्वप्रथम जनपद पंचायत कार्यालय में समीक्षा बैठक किया गया। उसके बाद दोपहर 01 बजे जनपद पंचायत बेरला कार्यालय का घेराव एवं ज्ञापन सौंपा गया। दोपहर 01:30 बजे बस स्टैण्ड बेरला में आंशिक चक्काजाम किया गया। जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहीं। चक्काजाम के बाद एसडीएम व तहसीलदार ऑफिस घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सरपंचों ने कहा कि फरवरी सन 2025 से नवनिर्वाचित सरपंच बनने के बाद ग्राम पंचायत के अंतर्गत मूलभूत व्यवस्था बिजली, पानी, स्वच्छता एवं पेयजल, मोटर रिपयेरिंग का कार्य सरपंचो द्वारा किया जा रहा है। लेकिन नौ-दस माह के बाद भी 15 वें वित्त की राशि अभी तक ग्राम पंचायतों को प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण से हम सभी सरपंचो को विभन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही विभिन्न फर्म/दुकान में कर्ज हो गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत के अनेकानेक कार्य लंबित हैं एवं भुगतान के अभाव में दुकानदार व सामग्री प्रदाताओं का बार-बार रकम हेतु मांग किया जाता है, जिससे अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है। सरपंचों के द्वारा समस्याओं एवं राशि के अप्राप्त की सूचना पूर्व में भी आपको दिया जा चुका है। इन समस्याओं को देखते हुए सभी ग्राम पंचायत सरपंचो ने निर्णय लिया और एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम किया। साथ ही विकास कार्य अटकी हुई है। ग्रामीण की उम्मीद टूटते जा रहे है। साथ ही सरकार की बदनामी हो रही है, विस्वास कमजोर हो रहा है। कहा गया कि हम दूसरी बार सरपंच बने या न बने लेकिन सरकार जरूर बदल जाएगी। इस दौरान बेरला जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले समस्त सरपंच ने मांग किया कि शासन-प्रशासन इस समस्या को जल्द से जल्द संज्ञान में लेकर मूलभूत व 15 वें वित्त की राशि जारी किया जाए। इस अवसर पर बेरला जनपद पंचायत के सरपंच संघ के अध्यक्ष रघुवीर पिंटू सिन्हा सहित समस्त ग्राम पंचायत के सरपंच उपस्थित रहे।