लोलेसरा में तीन दिवसीय कबीर पंथ का ऐतिहासिक व भव्य संत समागम महोत्सव का आयोजन आज 21 दिसंबर से प्रारंभ
सभी व्यवस्थाएँ समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 20 दिसम्बर 2025 - जिले के लोलेसरा मैदान में आगामी 21 से 24 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कबीर पंथ संत समागम महोत्सव की तैयारियों का आज खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। यह तीन दिवसीय भव्य संत समागम कबीरपंथ के वंश गुरु पंथश्री उग्रनाम साहेब की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
मंत्री श्री बघेल ने लोलेसरा पहुँचकर मेला स्थल का निरीक्षण किया तथा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं मेला समिति के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण की जाएँ, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान मंत्री श्री बघेल ने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएँ, सड़क समतलीकरण, ट्रैफिक नियंत्रण, मोबाइल टॉयलेट, पानी टैंकर तथा महिला पुलिस की तैनाती जैसी आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ एवं व्यवस्थित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोलेसरा कबीर पंथ समागम महोत्सव बेमेतरा जिले का ऐतिहासिक एवं सबसे बड़ा धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन है, जिसे भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न किया जाना चाहिए।
मंत्री श्री बघेल ने विशेष रूप से कहा कि महोत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से हो, इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य करे। साथ ही मेले के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव हेतु सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने तीन दिवसीय समागम के दौरान की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिला पुलिस की उपस्थिति, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं आपातकालीन स्थितियों से निपटने की पूरी तैयारी की जाएगी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न हो सके।
प्रशासन ने दी तैयारियों की जानकारी
प्रभारी कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि कबीरपंथ संत समागम महोत्सव के सफल आयोजन हेतु प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं और विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। वहीं, मेला समिति के अध्यक्ष ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, मेला समिति के सदस्य, संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल एवं स्मरणीय बनाने का संकल्प लिया।