जिला चिकित्सालय में पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने किया अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 20 दिसम्बर 2025 - जिले में सघन पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम जिला अस्पताल परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा रहे। उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का हर वर्ग इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पाँच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू, सभापति नीतू कोठारी, एसडीएम, ज़िला अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने अभियान के दौरान घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग बेमेतरा के सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले भर में व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए।