एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक रहना जरुरी - प्राचार्य डॉ वीणा त्रिपाठी

एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक रहना जरुरी - प्राचार्य डॉ वीणा त्रिपाठी 

सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के निर्देशन व प्राचार्य डॉ वीणा त्रिपाठी के मार्गदर्शन पर शासकीय महाविद्यालय बेमेतरा में एचआइवी/एड्स पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित 

महाविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच एचआईवी एड्स, सिफलिश को लेकर जानकारी एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 3 दिसम्बर 2025 - छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण कार्यक्रम राज्य कार्यालय के आदेशानुसार विश्व एड्स दिवस पखवाड़ा 1 दिसम्बर से 15 दिसम्बर 2025 तक विभिन्न समुदाय, विद्यालय, महाविद्यालय, उच्च जोखिम वर्ग आदि के बीच एचआईवी/एड्स, सिफलिश पर जानकारी देते हुए जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस पर जागरूक किया जाना है। इसी क्रम में मंगलवार 2 दिसम्बर को कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहलेडर के निर्देश पर व नोडल अधिकारी डॉ चंद्रप्रकाश जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के मार्गदर्शन पर विश्व एड्स दिवस पखवाड़ा तहत विशेष रूप से एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन पंडित जवाहर लाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय बेमेतरा में प्राचार्य डॉ वीणा त्रिपाठी के उपस्थित में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय में छात्रों एवं समाज को एड्स तथा एचआईवी संक्रमण के कारण, लक्षण और रोकथाम के बारे में सही और वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना था। 
कार्यक्रम के दौरान आईसीटीसी परामर्शदाता पुराणिक नायक ने विद्यार्थियों को बताया कि एड्स मानव शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करने वाली एक गंभीर अवस्था है, जो एचआईवी नामक वायरस के कारण होती है। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि एचआईवी किन-किन माध्यमों से फैलता है और इससे बचाव के क्या उपाय हैं। सत्र में यह स्पष्ट किया गया कि संक्रमण केवल असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई-सीरिंज, संक्रमित रक्त चढ़ाने या गर्भावस्था के दौरान मां से बच्चे तक पहुंच सकता है। 
       कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और और इस जागरूकता कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों के बीच एचआईवी एड्स, सिफलिश को लेकर प्रश्नोत्तरी आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों ने भाग लिया और सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। 
    कार्यक्रम में "एचआईवी एड्स की जानकारी ही बचाव है" का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने जानकारी एवं नारे प्रस्तुत कर सभी को सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। 
     महाविद्यालय प्राचार्य डॉ वीणा त्रिपाठी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में एड्स के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है, जिससे समाज में फैल रही गलत धारणाओं को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों की नियमित रूप से आवश्यकता है। सभी को इस एड्स, सिफलिश होने के कारण और बचाव की जानकारी होना अतिआवश्यक पर बल दिया। 
      जीवन रेखा फाउंडेशन के आशा चेलक ने भी विभिन्न समुदाय के बीच एचआईवी/एड्स की जानकारी साझा कर जागरूकता लाने और जिला चिकित्सालय बेमेतरा में स्थित एचआईवी परामर्श एवं जांच सेवा का लाभ उठाने पर बल दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालिंटियर धर्म बारले ने एचआईवी/एड्स एक्ट 2017 तहत जानकारी पूर्णतः गोपनीयता बरकरार रखी जाती है और एचआईवी से ग्रसित लोगों के कानूनी अधिकार से जुड़े हुए जानकारी महाविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच साझा किए। परामर्शदाता विनेश्वर जायसवाल ने यौन रोग संक्रमण को लेकर उनके कारण, बचाव और ईलाज को लेकर जानकारी विद्यार्थियों को दी। 
       यह जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और छात्रे ने संकल्प लिया कि वे समाज में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ वीणा त्रिपाठी, जिला चिकित्सालय स्थित आईसीटीसी परामर्शदाता पुराणिक नायक, एसटीआई परामर्शदाता विनेश्वर जायसवाल, जीवन रेखा फाउंडेशन टीआई प्रोजेक्ट के स्टाफ भुनेश्वर गेंदले निगरानी एवं मूल्यांकन अधिकारी, मुकेश मानिकपुरी परामर्शदाता, जीवन रेखा फाउंडेशन से आशा चेलक, ओआरडब्ल्यू परमेश्वर पात्रे और तारिणी वर्मा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से धर्म बारले व साथी के साथ महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्रीमती पायल गोस्वामी, सृष्टि तिवारी, श्रीमती नर्मदा नागे, चंदन गुप्ता और शोभित साहू सहित महाविद्यालय के अधिक संख्या में विद्यार्थी सभी संकाय के उपस्थित रहे।