बाबा गुरु घासीदास का संदेश केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति का हैं आधार - विधायक दीपेश साहू

बाबा गुरु घासीदास का संदेश केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति का हैं आधार - विधायक दीपेश साहू 

नगर पंचायत कुसमी में सतनाम संदेश रथ यात्रा का भव्य समापन, समाजिक समरसता का दिखा अद्भुत उदाहरण 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 दिसंबर 2025 - जिलें के नगर पंचायत कुसमी में आयोजित विकासखंड स्तरीय नौ दिवसीय सतनाम संदेश रथ यात्रा का समापन एवं सम्मान समारोह श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नौ दिनों तक चली यह सतनाम संदेश रथ यात्रा गांव-गांव जाकर सद्गुरु बाबा गुरु घासीदास के मानवतावादी विचारों और “मंखे-मंखे एक समान” के अमर संदेश को जन-जन तक पहुंचाती रही। समापन अवसर पर सतनाम पंथ के मूल सिद्धांतों सत्य, समानता, सेवा और अहिंसा को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया गया। 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति का आधार है। उन्होंने कहा कि “मंखे-मंखे एक समान” का विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है, जब समाज को एकता, समरसता और समान अधिकारों की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। विधायक श्री साहू ने कहा कि सतनाम संदेश रथ यात्रा जैसे आयोजन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और मूल्यों से जोड़ते हैं। उन्होंने आयोजकों एवं सतनामी समाज को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। 

प्रतिभाशाली युवाओं का हुआ सम्मान - समारोह के दौरान सतनामी समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सुष्मिता टोंड्रे ग्राम हेमाबंध - डिप्टी कलेक्टर, संदीप बघेल ग्राम केशडबरी - डीएसपी नेहा मारकण्डेय ग्राम मोहभट्ठा - लेखा सेवा अधिकारी, उमा बारले - सेक्रेटेरियल असिस्टेंट हिंदी (जिन्हें प्रधानमंत्री द्वारा देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया) शामिल थे। 
         विधायक दीपेश साहू ने सभी सम्मानित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि इनकी सफलता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और यह बाबा घासीदास के विचारों पर चलने का परिणाम है। 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा - कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोककला मंच ग्राम हरिनछपरा जिला कबीरधाम द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई। जय सतनाम पंथी पार्टी एवं आकर्षक झांकियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पूरे नगर पंचायत कुसमी में भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। 
  कार्यक्रम में अवधेश सिंह चंदेल पूर्व विधायक, मोहन जांगड़े वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, अध्यक्षता चंद्रप्रकाश साहू नगर पंचायत अध्यक्ष कुसमी, जगदीश कुरें, जगमोहन गेंड्रे, मानक सिंह चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ