सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के मार्गदर्शन व टीकाकरण अधिकारी शरद कोहाड़े के नेतृत्व में बेमेतरा में पोलियो अभियान 21 से 23 दिसम्बर तक

सीएचएमओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के मार्गदर्शन व टीकाकरण अधिकारी शरद कोहाड़े के नेतृत्व में बेमेतरा में पोलियो अभियान 21 से 23 दिसम्बर तक 

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान अंतर्गत जिले में 96085 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 18 दिसम्बर 2025 - राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन बेमेतरा जिले में रविवार 21 दिसम्बर 2025 से किया जायेगा, जो कि 23 दिसम्बर 2025 तक चलेगा। यह अभियान बेमेतरा जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ शरद कोहाड़े के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।  
  तीन दिवसीय इस अभियान के तहत बेमेतरा जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 96085 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।  
         इसके लिए जिलेभर में 760 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान का विधिवत शुभारंभ 21 दिसम्बर को सुबह जिला एवं विकासखंड स्तर पर गणमान्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किया जाएगा। 
अभियान के प्रथम दिवस पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि द्वितीय एवं तृतीय दिवस बूथ गतिविधियों में छूटे हुए बच्चों को टीकाकरण दलों द्वारा घर-घर भ्रमण कर पोलियो की खुराक पिलाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा चुकी हैं। 
   कलेक्टर एवं सीएमएचओ द्वारा जिले के सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 21 दिसम्बर रविवार को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर लाकर पोलियो वैक्सीन की दो बूंद अवश्य पिलाएं और बेमेतरा जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपना सहयोग दें। 
        जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ शरद कोहाड़े ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। वैक्सीन एवं अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक सामग्री का वितरण विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में किया जा चुका है। अभियान को सफल बनाने के लिए समस्त विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों के खंड चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 
   उन्होंने बताया कि जिले के पहुंचविहीन क्षेत्रों, मेला बाजार, ईंट भट्ठों, मलिन बस्तियों, बस स्टैंड, साप्ताहिक बाजार एवं औद्योगिक क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।