लिमिट नहीं बढ़ाने से किसानों में आक्रोश, निराकरण नहीं होने पर किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
धान खरीदी : टोकन नहीं कटने से बारगांव (बेरला) के किसान हलाकान
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/बेरला 24 दिसम्बर 2025 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के सेवा सहकारी समिति बारगांव में 23 दिसंबर तक धान खरीदी मात्र 34 प्रतिशत ही हो पाई है। अभी 65 प्रतिशत धान किसानों से खरीदना बाकी है।
पिछले वर्ष प्रतिदिन 2500 से 3 हजार क्विंटल धान खरीदी होती थी। वही इस वर्ष मात्र 1600 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है।
किसानों में टोकन नहीं कटने व लिमिट नहीं बढ़ाने से भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि धान मंडियों में रोज 16 सौ क्विंटल की धान खरीदी के लिए टोकन काटे जा रहे हैं जो कि बहुत कम है। वहीं पिछले वर्ष हर दिन 3 हजार क्विंटल धान खरीदी के लिए टोकन काटे जा रहे थे।
इस साल धान खरीदी में अव्यवस्था के कारण 23 दिसंबर तक 65 फीसदी किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। वहीं दूसरी तरफ मोबाइल एप्प के जरिये टोकन काटने के लिए रात 12 बजे तक जागना पड़ रहा है। फिर भी किसान अपना टोकन नहीं काट पा रहे हैं। किसान प्रतिदिन धान खरीदी केंद्र व च्वाइस सेंटर में टोकन कटाने चक्कर लगा रहे हैं, उसके बावजूद टोकन नहीं कट रहा है।
ग्राम बलौदी के किसान रमेश साहू का कहना है कि अगर धान खरीदी की लिमिट में सुधार नहीं होता है तो वो धरना देने पर मजबूर हो जायेगें। सबसे बड़ी दिक्कत ऑनलाइन टोकन का है।
खरीदी 34 हजार, परिवहन मात्र 6420 क्विंटल
सेवा सहकारी समिति मर्यादित बारगांव पं.क. 382 उपार्जन केन्द्र बारगांव मे 23 दिसंबर तक 34 हजार धान खरीदी में मात्र 6420 क्विंटल धान का परिवहन हुआ है। समिति प्रबंधक अनिल यादव ने बताया कि 23 दिसंबर तक कुल 34 हजार क्विं. धान की खरीदी किया जा चुका है। परंतु अभी तक मात्रा 6 हजार क्विं. धान का परिवहन किया गया।