किसान तुंहर टोकन एप से लंबी लाइन से मिलेगी राहत - सेवा सहकारी समिति बारगांव अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा

किसान तुंहर टोकन एप से लंबी लाइन से मिलेगी राहत - सेवा सहकारी समिति बारगांव अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा 

सेवा सहकारी समिति बारगांव में कांटा का पूजा कर किसान प्रतिभा वर्मा से 34 क्विंटल की खरीदी कर की अभियान की शुरुआत, 31 जनवरी तक चलेगी धान खरीदी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/बेरला/बारगांव 15 नवम्बर 2025 - राज्य शासन द्वारा जिले में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सबसे बड़ा अभियान शुरू हो गया है। किसान हित में राज्य सरकार का लगभग ढाई महीने तक चलने वाला यह सबसे बड़ा अभियान है। खरीदी 15 नवम्बर से शुरू होकर 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। 
     सेवा सहकारी समिति बारगांव में धान बेचने के लिए टोकन कटाने वाले किसान धान लेकर बेचने पहुंचे। मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री व सेवा सहकारी समिति मर्यादित बारगांव अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा उपस्थित रहे। सर्वप्रथम ज्योतिष आचार्य शेषनारायण पांडेय द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बाट की विधिवत पूजा अर्चना किया गया। तत्पश्चात मटिया के किसान प्रतिभा वर्मा का धान मापन कर खरीदी अभियान का शुभारंभ किया गया।  
      सेवा सहकारी समिति मर्यादित बारगांव अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किया गया तुंहर टोकन एप के जरिए टोकन कटाने की सुविधा मिली है, जो बहुत उपयोगी है, जिससे लम्बी लाइन से हमें राहत मिलेगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जाएगी। तौल में गड़बड़ी की आशंका को दूर रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा का उपयोग किया किया गया। 
 सहकारिता निरीक्षक रूपाली यादव ने कहा कि धान खरीदी से जुड़े सभी अधिकारियों को हिदायत दी है। उन्होंने कहा है कि खरीदी कार्य से जुड़ी हर स्तर की समस्या का तत्काल समाधान निकाला जाये। किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान सरदा भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, बारगांव, बलौदी के किसान राजेन्द्र यादव, छत्रपाल सिंह, राजू ठाकुर, प्रदीप यादव, राम यादव, दुकालू साहू, छोटू सिन्हा, ललित यादव, बारदाना प्रभारी रमेश साहू, लिपिक देवेंद्र राजपूत, चौकीदार टीकाराम निषाद उपस्थित रहे। 

10 एकड़ से अधिक जमीन वाले किसानों को ही मिलेंगे 3 टोकन 
बड़े किसान - 10 एकड़ से अधिक जमीन वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन मिलेंगे।
छोटे किसान - 2 से 10 एकड़ ज़मीन वाले किसानों को अधिकतम 2 टोकन मिलेंगे।
सीमान्त किसान - 2 एकड़ या उससे कम जमीन वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन मिलेगा। 

टोकन लेने की प्रक्रिया - किसान "तुंहर टोकन" मोबाइल ऐप से सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ऑनलाइन टोकन ले सकते हैं। 
टोकन की वैधता - एक बार जारी किया गया टोकन अगले सात दिनों तक मान्य रहेगा। 

नहीं होनी चाहिए 17 प्रतिशत से ज्यादा नमीं - धान खरीदी प्रति सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक की जाएगी। शासकीय अवकाश के दिन खरीदी बंद रहेगी। धान में 17 प्रतिशत से ज्यादा नमीं नहीं होनी चाहिए। किसानों को अपना धान सूखाकर एवं अच्छी तरह से साफ करने बेचने लाने का अनुरोध किया है। केवल पंजीकृत किसानों से उन्हें जारी टोकन के अनुसार धान खरीदा जाएगा।

तुंहर एप पर मिलेगा टोकन - तुंहर एप के जरिए ही किसान धान बेचने के लिए टोकन ले पाएंगे। इसके लिए लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए ही तुंहर टोकन लॉन्च किया गया है। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए किसानों को पहले आधार कार्ड के जरिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रविवार से शुक्रवार के दिन सुबह 8 से शाम 5 बजे तक आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके जरिए किसान खरीदी के लिए टोकन बना सकेंगे। 30% टोकन समितियों (सोसाइटी) में उपलब्ध रहेंगे, ताकि सभी वर्ग के किसान धान विक्रय के लिए आवेदन कर सकें।

अच्छी किस्म के धान के लिए दर की गई निर्धारित - खरीफ विपणन 2025-26 के लिए औसत अच्छी किस्म के धान का समर्थन मूल्य अलग से निर्धारित है। धान कॉमन 2369 रुपए प्रति क्विंटल, धान ग्रेड-ए 2389 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। समर्थन मूल्य का प्रदर्शन समिति स्तर पर किया जाएगा।