अनियमितता बरतने पर उचित मूल्य दुकान संचालक को नोटिस जारी

अनियमितता बरतने पर उचित मूल्य दुकान संचालक को नोटिस जारी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 नवंबर 2025 - सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया में संचालित सेवा सहकारी समिति मऊ की उचित मूल्य दुकान (आई.डी. 432009060), इसी प्रकार ग्राम पंचायत मोहरेंगा में संचालित सेवा सहकारी समिति मोहरेंगा की उचित मूल्य दुकान (आई.डी. 432009006), ग्राम पंचायत कुरदा में संचालित सेवा सहकारी समिति कुरदा की उचित मूल्य दुकान (आई.डी. 432009009) एवं ग्राम पंचायत बटार में संचालित सेवा सहकारी समिति कुरदा की उचित मूल्य दुकान (आई.डी. 432009055) में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर विभाग द्वारा संचालक को कारण-बताओ नोटिस जारी किया गया है। 
       नवंबर 2025 के राशन वितरण कार्य हेतु निर्धारित तिथि तक दुकान नहीं खोले जाने के कारण ग्रामीणों और राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न प्राप्त करने में भारी असुविधा हुई, जिसे शासन ने अनिवार्य सेवा में बाधा तथा स्पष्ट लापरवाही माना है। 
    नोटिस में उल्लेख है कि संचालक द्वारा न तो दुकान संचालन नियमों का पालन किया गया और न ही संबंधित थाना क्षेत्र में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। 
        प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि नोटिस प्राप्त होने के दो दिनों के भीतर संचालक स्वयं उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा उचित मूल्य दुकान को निलंबित/निरस्त किए जाने सहित एकतरफा कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संचालक की होगी।