युवा रत्न सम्मान हेतु आवेदन 30 नवंबर तक आमंत्रित

युवा रत्न सम्मान हेतु आवेदन 30 नवंबर तक आमंत्रित 

युवाओं व संगठनों के उत्कृष्ट योगदान को मिलेगा सम्मान 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 20 नवंबर 2025 - राज्य के युवा प्रतिभाओं और प्रेरणादायक संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा “युवा रत्न सम्मान योजना” लागू की गई है। यह योजना उन युवाओं और संगठनों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है, जिन्होंने युवा कल्याण, नवाचार, सामाजिक योगदान और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत हर वर्ष सामाजिक, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं तथा शैक्षणिक/सामाजिक संगठनों को सम्मान प्रदान किया जाएगा। 

योजना में दो श्रेणियाँ निर्धारित हैं  

पहली - युवा श्रेणी, जिसमें चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि, पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इस श्रेणी के लिए आवेदनकर्ता का राज्य का मूल निवासी होना तथा आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। 

दूसरी - शैक्षणिक/सामाजिक संगठन श्रेणी, जिसके अंतर्गत चयनित संगठनों को ढाई लाख रुपये से पाँच लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति या संस्था को यह सम्मान एक से अधिक बार नहीं दिया जाएगा। 
       योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक आवेदक खेल एवं युवा कल्याण विभाग से संपर्क कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। 
        राज्य सरकार की यह पहल युवाओं और संस्थाओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों को समाज के सामने लाने तथा सकारात्मक परिवर्तन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।