26 से 29 नवंबर तक होगा भव्य आयोजन, तैयारियाँ अंतिम चरण में
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 नवंबर 2025 - रेवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र ढोलिया बेमेतरा में पश्चिमी क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेल प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 26 से 29 नवंबर तक किया जा रहा है। महाविद्यालय पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है, जिसके कारण परिसर में उत्साह और तैयारियों का विशेष माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता को सफल और भव्य बनाने के लिए महाविद्यालय में तैयारियाँ जोरों पर हैं।
गौरतलब है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधीनस्थ पश्चिमी क्षेत्र के 8 कृषि महाविद्यालयों के प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। चार दिनों तक चलने वाली इस खेल महोत्सव में कुल 12 विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें प्रमुख रूप से बैडमिंटन, हाई जंप, लॉन्ग जंप, रिले रेस, खो-खो, कबड्डी सहित कई अन्य प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।
महाविद्यालय के ने बताया कि आज के समय में खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि करियर और सम्मान का मार्ग भी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले खेलों को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन अब परिस्थितियाँ बदल गई हैं और छात्र-छात्राएँ खेलों में अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क को बढ़ावा देना है। खो-खो और कबड्डी के लिए नए मैदानों को तैयार किया जा रहा है, रेस ट्रैक को दुरुस्त किया गया है तथा बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे इनडोर खेलों के लिए रात में भी मैच करवाने हेतु विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।
प्रतियोगिता को लेकर कृषि महाविद्यालय बेमेतरा के छात्र-छात्राओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। परिसर में सुबह से शाम तक अभ्यास जारी है और प्रतिभागी अपने-अपने खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हुए हैं। चार दिवसीय यह अंतर महाविद्यालयीन खेल प्रतियोगिता बेमेतरा जिले के लिए एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है, जो क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।