उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र साजा में “केला की उन्नत खेती” पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न

उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र साजा में “केला की उन्नत खेती” पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण संपन्न 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा 16 अक्टूबर 2025 - महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलपति डॉ. रवि आर सक्सेना के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र साजा (बेमेतरा) में 16 अक्टूबर 2025 को “केले की उन्नत खेती” विषय पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकी पद्धतियों के माध्यम से केले की खेती में अधिक उत्पादन और गुणवत्ता प्राप्त करने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 30 कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को केले की उन्नत किस्में, ऊतक संवर्धन (Tissue Culture) आधारित पौध उत्पादन, सिंचाई एवं पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा कटाई-पश्चात प्रबंधन (Post-Harvest Management) के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को व्यावहारिक जानकारी तथा तकनीकी प्रदर्शन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के समापन सत्र में किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें केले की खेती के नए वैज्ञानिक तरीकों की समझ मिली है, जिससे भविष्य में उत्पादन एवं आय में वृद्धि संभव होगी। किसानों ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता भी व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन उद्यानिकी महाविद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को केले की उन्नत किस्म का पौधा भी वितरण किए गए। कार्यक्रम में उद्यानिकी महाविद्यालय साजा के अधिष्ठाता शुशील कुमार कश्यप, डॉ.पूर्णेंद्र कुमार साहू, डॉ.भेखराम चंद्रवंशी श्रीमती पुष्पांजलि पंकज, डॉ. ओमप्रकाश राजवाड़े, डॉ. स्मृति ध्रुव, डॉ. शलाखा जॉन, डॉ. नरेश कुमार तथा दिलीप मसीह की विशेष उपस्थिति रही।