टीबी पीड़ित के परिवार के प्रत्येक सदस्य की एहतियातन करें जांच - कलेक्टर रणबीर शर्मा

टीबी पीड़ित के परिवार के प्रत्येक सदस्य की एहतियातन करें जांच - कलेक्टर रणबीर शर्मा 

शतप्रतिशत गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच एवं संस्थागत प्रसव बढ़ाने कलेक्टर ने दिए निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 4 अक्टूबर 2025बेमेतरा कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को सीएमएचओ कार्यालय बेमेतरा के सभाकक्ष में समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य केंद्रों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर ने टीबी जैसी बीमारियों को जड़ से खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सभी को बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत शासन द्वारा कुष्ट और टीबी के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने एनटीईपी (राष्ट्रीय ट्यूबरक्लोसिस उन्मूलन कार्यक्रम) के तहत निक्षय मित्र निर्माण, पोषण किट वितरण पर ध्यान देते हुए टीबी से पीड़ित लोगों के घर के सभी लोगों की टीबी की एहतियातन जांच करने एवं सभी संभावित मरीजों की एक्स रे द्वारा जांच अवश्य कराने के निर्देश दिए। 
उन्होंने शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पहले ट्राइमेस्टर से पंजीयन कर सभी चार एएनसी जांच समय पर करवाने को कहा। 
      उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रवार समीक्षा करते हुए संस्थागत प्रसव की जानकारी ली और उच्च जोखिम वाले प्रसव को छोड़कर सभी प्रसवों को संस्थागत रूप से कराने के निर्देश दिए। प्रसव सुविधा लोगों को 24 घंटे प्राप्त हो इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी आरएचओ एवं सीएचओ को केंद्र के समीप निवास करने को कहा। 
    उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि कर्मचारियों अपने गांव के समुदाय में शामिल होकर महिलाओं को विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक करने कहा। इसके लिए उन्होंने गांव के जनप्रतिनिधियों, सचिव, महिला स्व सहायता समूहों को भी इसमें शामिल करने को कहा। उन्होंने बच्चों का शत प्रतिशत टीकाकरण एवं सभी लोगों का आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। 
        उन्होंने सभी सेक्टर सुपरवाइजरों को हर शनिवार समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करने एवं सभी कार्यों की ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने को कहा। 
     कलेक्टर ने शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का वय वंदना योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने को कहा। 
   उन्होंने सभी योजनाओं की विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले केंद्रों के प्रभारियों से कमजोर प्रदर्शन का कारण जानते हुए उन्हें पूर्ण क्षमता से कार्य कर प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए।  
      उन्होंने सीकलसेल जांच पर विशेष ध्यान देते हुए सभी ग्राम पंचायत स्तर पर सघन प्रचार प्रसार जागरूकता लाने बीएमओ को निर्देश दिए, सभी बीएमओ को अपने स्वास्थ्य केंद्रों का समीक्षा कर स्वास्थ्य सुविधा सुदृढ़ करने का भी निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम दिव्या पोटई नवागढ़, हर्षलता वर्मा एसडीएम साजा, सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहलेडर, सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बीएल राज, डीपीएम सुश्री लता बंजारे, जिला चिकित्सालय अस्पताल कोऑर्डिनेटर डॉ स्वाति यदु सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, सभी ब्लॉक के बीएमओ, बीपीएम के साथ कार्यालय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।