बेमेतरा के अधिकारियों को यह नहीं मालूम कि किन-किन ग्रामों से ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें प्राप्त हुई है और निराकरण हुआ या नहीं - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक बेमेतरा आशीष छाबड़ा

बेमेतरा के अधिकारियों को यह नहीं मालूम कि किन-किन ग्रामों से ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें प्राप्त हुई है और निराकरण हुआ या नहीं - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक बेमेतरा आशीष छाबड़ा 

विद्युत मंडल के घेराव में किसानों का साथ देने पहुंचे जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा 

तीन दिन के अंदर समस्याओं का हल नहीं होने पर चक्का जाम व पुतला दहन की चेतावनी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 29 सितंबर 2025 - बेमेतरा के पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ग्राम कुसमी, भोईनाभाटा बहेरा, बाबामोहतरा, तेंदूभाटा, पीपरभट्ठा, गंगापुर एवं ढारा से हजारों की संख्या में ग्रामवासियों एवं किसानों के द्वारा किए गए विद्युत मंडल कार्यालय बेमेतरा के घेराव में किसानों का साथ देने के लिए पहुंचे। इस दौरान पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज किसान बता रहे हैं कि तीन-तीन महीना होने जा रहा है, उनके जले हुए ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा रहे हैं। अधिकारी उनसे ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहे हैं और मोटी रकम नहीं दे पाने के कारण इन किसानों के ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं। वहीं भाजपा नेता का फोन आ जाने पर यह अधिकारी तुरंत ट्रांसफार्मर बदलने के लिए सक्रिय हो जाते हैं। 
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आरोप लगाया कि विद्युत मंडल कार्यालय बेमेतरा के कार्यपालन अधिकारी यह भी नहीं जानते की किन-किन ग्रामों से ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें प्राप्त हुई है और उन शिकायतों का निराकरण किया गया है अथवा नहीं। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विद्युत मंडल के अधिकारियों को जिन जिन गांवों में ट्रांसफार्मर खराब है अथवा जले हुए हैं उनकी सूची दी गई है। साथ ही साथ यह भी कहा गया है कि तीन दिन के अंदर अगर इन समस्याओं का हल नहीं होता है तो किसान और कांग्रेस मिलकर चक्का जाम करेंगे। साथ ही साथ दशहरा के दिन विद्युत मंडल कार्यालय के सामने पुतला दहन का कार्यक्रम रखा जाएगा। 
             पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि अधिकारी सिर्फ भाजपा नेताओं को खुश करने और उन्हें रकम कमा के देने के लिए यहां बैठे हुए हैं। बेमेतरा विद्युत मंडल कार्यालय में भाजपा नेताओं के इशारे पर ट्रांसफार्मर बदली के नाम पर गोरख धंधा किया जा रहा है, किसान छले जा रहे हैं, किसानों के साथ नाइंसाफी हो रही है। बेमेतरा में अल्प वर्षा होने के कारण किसान पहले ही परेशान है और गरीबी में आटा गीला करने का काम भाजपा नेता तथा विद्युत मंडल के कर्मचारी कर रहे हैं। किसानों के हित के लिए मै पहले भी कह चुका हूं आधी रात को जरूरत पड़ेगी तो आधी रात को भी खड़ा रहूंगा और आज किसानों की समस्याओं को देखते हुए उनके द्वारा किए जा रहे इस आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा उनके साथ खड़ी है। किसानों की सभी लड़ाई हमारी लड़ाई है और हम इसे जीत कर रहेंगे। बेईमान अधिकारियों को यहां अकल ठिकाने लगाने की जरूरत है, रही बात भाजपा नेताओं की उन्हें जनता ने आने वाले चुनाव में सबक सिखाने की तैयारी कर रखी है। इस अवसर पर हरीश साहू सदस्य जिला पंचायत बेमेतरा, मिथलेश वर्मा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बेमेतरा, मनोज गायकवाड, रघु तिवारी, प्रकाश वर्मा, हेमंत यदु, मोहन सतनामी, घनश्याम वर्मा, गणेश वर्मा, लोभन बंजारे, मोहन साहू, नारायण साहू, उल्हास वर्मा, प्रेम सिंह वर्मा, सुखीत वर्मा, कुमेन कुर्रे, रंजीत गायकवाड सहित हजारों की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।