प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/बेरला - नवरात्रि पर्व में जय मां दुर्गा उत्सव समिति मटिया (बारगांव, बेरला) द्वारा माता दुर्गा की प्रतिमा की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है। सप्तमी पर सोमवार को मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की पूजा की गई। वहीं 30 सितंबर को अष्टमी दिवस पर हवन पूजन कार्यक्रम होगा। साथ ही कन्या भोज भी कराया जाएगा।
पंडित बोसेन्द्र पांडेय ने बताया कि कालरात्रि मां के शरीर का रंग घने अंधकार की तरह एकदम काला है। मां कालरात्रि की चार भुजाएं और तीन नेत्र हैं। मां का यह रूप भय, अंधकार और नकारात्मक शक्तियों का नाश करता है। इस दिन मां की पूजा करने से रुके काम पूरे होते हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। विधि-पूर्वक देवी की पूजा करने से भक्तों से बुरी शक्तियां दूर रहती हैं। इससे अकाल मृत्यु का भय भी दूर होता है। मान्यता है कि मां के इस स्वरूप से सभी सिद्धियां प्राप्त होती हैं।
3 अक्टूबर को बाना सांग व विशेष झांकी की होगी प्रस्तुति - जय मां दुर्गा उत्सव समिति मटिया बेरला द्वारा 3 अक्टूबर सुबह 9 बजे बाना सांग व विशेष झांकी रायपुर वाला की प्रस्तुति की जाएगी। पिछले वर्ष भी बाना सांग की प्रस्तुति की थी, जिसे गांव के लोगों ने खूब सराहा। आयोजन को सफल बनाने समिति के संरक्षक रजीताभ मिश्रा, फत्ते साहू, मुकेश यादव, सोनू वर्मा, सागर वर्मा, श्रीराम साहू, तुलसी साहू, बोसेन्द्र पांडेय, लवकुश साहू, नारद यादव, बिट्टू यादव, सुमित यादव, चुम्मन निषाद, राजेश निषाद, अखिलेश वर्मा, सूरज वर्मा, निखिल, सनत साहू, सुंदर साहू, यशवंत यादव सहित पदाधिकारी जुटे हुए हैं।
मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की आज होगी पूजा - 30 सितंबर यानी कल नवरात्रि की अष्टमी तिथि है। नवरात्रि के नौ दिवसीय पर्व का आठवां दिन, जिसे महा अष्टमी भी कहा जाता है, अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है। इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माहागौरी की पूजा की जाती है। मां महागौरी सुंदरता, शांति, शुद्धता और दया की देवी हैं। उनकी आराधना से मानसिक शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि प्राप्त होती है। महा अष्टमी का दिन विशेष रूप से कन्या पूजन और भक्तिमय अनुष्ठानों के लिए जाना जाता है।मां महागौरी का रूप अत्यंत शांत और उज्ज्वल है, इसलिए सफेद रंग के वस्त्र, पुष्प और भोग अर्पित करना शुभ माना जाता है। इस दिन विशेष रूप से मिष्ठान, फल, नारियल और पंच मेवा अर्पित किए जाते हैं।