शराब के नशे में कार्यालय आने पर जनपद साजा का विकास विस्तार अधिकारी हुआ निलंबित

शराब के नशे में कार्यालय आने पर जनपद साजा का विकास विस्तार अधिकारी हुआ निलंबित 

सोशल मीडिया पर घटना वायरल होने पर जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान, किया निलंबित  
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा 24 सितंबर 2025 - जनपद पंचायत साजा का विवादों व चर्चा में रहना एक आम बात सी हो गई हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत साजा में अब एक अधिकारी शराब के नशे में कार्यालय में बेहोश पाया गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जनपद पंचायत साजा के कमलेश्वर साहू जो कि विकास विस्तार अधिकारी हैं, काफी समय से अनुपस्थित थे। जब वे नशे की हालत में कार्यालय पहुंचे, तो वहां कोई बड़ा अधिकारी मौजूद नहीं था।
         उनके नशे की हालत की तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मामले को दबाने की कोशिशें शुरू हो गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों के मोबाइल फोन की जांच की, यह पता लगाने के लिए कि तस्वीरें किसने खींची और वायरल की।
          इसके बाद कमलेश्वर साहू को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले का पंचनामा तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया। जिस पर जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता मंडावी ने मामले में कार्यवाही करने की बात कही। 

प्रभारी सीईओ से हो रही समस्या - जनपद पंचायत साजा लंबे समय से प्रभारी सीईओ के भरोसे चल रहा है, जिसके कारण प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हो गई है। जनपद पंचायत साजा कार्यालय में जिस प्रकार कार्य होना चाहिए वह नहीं हो पाता, केवल खानापूर्ति करने का कार्य जनपद कार्यालय में संपादित हो रहा हैं। वहीं स्थानीय लोग और महिला सरपंचों ने इस घटना की निंदा की है और जिम्मेदार अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

विकास विस्तार अधिकारी निलंबित - सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही जनपद और जिला प्रशासन ने कड़ा रूख अपनाया और विकास विस्तार अधिकारी कमलेश्वर साहू का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां रिपोर्ट आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।