जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना किसानों के लिए महत्वपूर्ण वरदान - बारगांव समिति अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा

जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना किसानों के लिए महत्वपूर्ण वरदान - बारगांव समिति अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा

सेवा सहकारी समिति बारगांव की वार्षिक आमसभा संपन्न

बारगांव सहकारी समिति में अब माइक्रो एटीएम एवं सीएससी की भी सुविधा 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 सितम्बर 2025 - सेवा सहकारी समिति मर्यादित बारगांव पं. क. 382 की वार्षिक साधारण सभा की बैठक सोमवार को समिति कार्यालय बारगांव ब्लाक बेरला में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि सेवा सहकारी समिति मर्यादित बारगांव के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा व पूर्व अध्यक्ष सच्चिदानंद मिश्रा उपस्थित थे।
      अतिथियों द्वारा हलधर बलभद्र भगवान की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आमसभा का शुभारंभ किया गया। समिति स्टॉफ द्वारा मंचासीन किसान भाइयों का स्वागत सम्मान किया गया। समिति प्रबंधक अनिल यादव द्वारा आमसभा के समक्ष वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वार्षिक कार्ययोजना से कृषकों को विस्तार पूर्वक अवगत कराया। श्री यादव द्वारा आमसभा में शामिल एजेंडा पर विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई। समिति के समक्ष रखे गए सभी प्रस्तावों का ध्वनिमत से अनुमोदन किया गया। 
    सभा को संबोधित करते हुए सेवा सहकारी समिति मर्यादित बारगांव के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानो के हित में चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करा रही है। वहीं गरीबों एवं जरूरतमंदो को प्रतिमाह निःशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है। समय-समय पर फसल बीमा का लाभ भी किसानों को दिलाने का कार्य शासन द्वारा किया जा रहा है। किसान हितेषी योजनाओं के लिए किसानों ने जोरदार तालियां बजाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। 
     पूर्व अध्यक्ष सच्चिदानंद मिश्रा ने किसानों को संबोधित करते हुए शासन स्तर से किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं एवं समिति द्वारा किसान सदस्यों के लिए दी जा रही सुविधाओं से अवगत कराया तथा बेहतर कार्य के लिए स्टॉफ की सराहना की। 
    इस अवसर पर बारगांव, मटिया, कोसपातर, बलौदी, मुड़पार खुर्द के किसान देवसिंह पटेल, शांतिलाल वर्मा, रोशन ध्रुव, विष्णु साहू, सुरेश साहू, रामेश्वर साहू, शमशुद्दीन, बाबूलाल साहू, कल्याण सिंह राजपूत, बल्लू साहू बलौदी, राजा देवांगन, लक्की देवांगन सहित सेवा सहकारी समिति के स्टाफ खाद इंचार्ज रमेश साहू, देवेंद्र राजपूत, कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज यादव, टीका राम निषाद उपस्थित थे। स्नेह भोज के साथ आमसभा का समापन किया गया।

माइक्रो एटीएम की सुविधा - किसानों के हित में एक और बड़ी सुविधा की हुई शुरुआत 
भाजपा जिला महामंत्री व सेवा सहकारी समिति बारगांव के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में एक और बड़ी सुविधा माइक्रो एटीएम की शुरुआत की है, जिससे धान बेचने वाले किसानों को तत्काल नकदी की समस्या का समाधान मिलेगा। अब बारगांव धान खरीदी केंद्र पर पहुंचने वाले किसान माइक्रो एटीएम के जरिए 10,000 रुपये तक की राशि तुरंत निकाल सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस पहल से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, जिससे उन्हें अब बैंक की कतार में खड़े होने की जरुरत नहीं होगी।

सहकारी समिति बारगांव में अब सीएससी की भी मिलेगी सुविधा - समिति प्रबंधक अनिल यादव ने बताया कि सहकारी समिति बारगांव में अब लोगों को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सुविधाएं भी मिलेगी। उर्वरक के साथ ही योजनाओं के लिए आनलाइन आवेदन के साथ ही मोबाइल, टीवी रिचार्ज के अलावा हवाई जहाज, ट्रेन व बस के टिकट बुकिंग की सुविधा भी मिल सकेगी। समितियों पर अब तक खाद और लोन दिलाने का कार्य किया जाता था, पर अब इन केंद्र के माध्यम से बारगांव, मटिया, कोसपातर, बलौदी, मुड़पार खुर्द वासियों को कॉमन सर्विस सेंटर पर मिलने वाली सभी सुविधाएं मोबाइल रिचार्ज, टीवी रिचार्ज बिजली का बिल, पैन कार्ड, पैसा जमा निकासी, गाड़ी का बीमा, फसल बीमा, जीवन बीमा रीनिवाल, लोन एवं सीएससी पोर्टल पर उपलब्ध जो भी सेवा है। उस सभी की सुविधाएं अब किसानों को मिलेगी।