सीएमएचओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के निर्देशन पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्राम कारेसरा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित

सीएमएचओ डॉ अमृतलाल रोहलेडर के निर्देशन पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्राम कारेसरा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित 

महिलाओं ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, लिया स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, मिशन की जानकारी और दिलाई गई स्वच्छता शपथ 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 24 सितंबर 2025 - स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज बेमेतरा जिले की ग्राम पंचायत कारेसरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आसपास की ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में स्वच्छता समूह की महिलाएं शामिल हुईं और उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया।
महिलाओं को मिला स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ - शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर राज्य स्वच्छ भारत मिशन की सलाहकार श्रीमती अभिलाषा आनंद रघुवंशी उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रही गतिविधियों और सेवा कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक प्रयासों से ही गांव को कूड़ा-करकट मुक्त और स्वच्छ वातावरण वाला बनाया जा सकता है। इस दौरान उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
    कार्यक्रम में आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, गणमान्य नागरिक, जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के समन्वयक एवं सलाहकार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। सभी ने मिलकर गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। शिविर में विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि गंदगी और खुले में कचरा फैलने से कई संक्रामक बीमारियां फैलती हैं। यदि गांव साफ-सुथरा रहेगा तो ग्रामीणों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा और इलाज पर खर्च कम होगा। इसलिए हर नागरिक को व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर स्वच्छता के प्रयासों में सहयोग करना चाहिए।