स्वास्थ्य मंत्री की पहल से माँगों पर बनी सहमति, मुख्यमंत्री से मुलाक़ात कर कर्मचारियों ने जताया आभार

स्वास्थ्य मंत्री की पहल से माँगों पर बनी सहमति, मुख्यमंत्री से मुलाक़ात कर कर्मचारियों ने जताया आभार 

सेवा से पृथक कर्मचारियों की बहाली पर मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन 

एनएचएम के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल हुई समाप्त, 33 दिन बाद प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में पुनः गति 

जिले के सभी कर्मचारी हड़ताल से वापसी कर ड्यूटी जवाइन किये
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 20 सितंबर 2025 - राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों का 18 अगस्त से चल रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन समाप्त हो गया है। कर्मचारी अब अपने कार्यस्थलों पर लौट चुके हैं।
     स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर 33 दिनों से ज़ारी गतिरोध समाप्त हो गया और कुछ माँगों पर सहमति बनी, बची हुई माँगों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी मुद्दों पर सहमति बनाने एवं निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
   आज से उपस्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाएं पूर्ण रूप से बहाल हो गई हैं। एक माह बाद आम मरीजों को पुनः सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने लगी हैं।
    पिछले 18 अगस्त से लगातार 33 दिनों तक एनएचएम कर्मचारी नियमितीकरण, संविलियन, ग्रेड पे निर्धारण एवं लंबित 27% वेतनवृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल पर थे, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हुई थी।
     जिलाध्यक्ष पूरन दास एवं जिला प्रवक्ता बृजेश कुमार दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने एनएचएम कर्मचारियों के इस निर्णय को स्वागत योग्य एवं सराहनीय बताया है। उन्होंने कहा कि यह कदम आम जनता के हित में लिया गया है। साथ ही सभी बर्खास्त एवं नोटिस दिए गए एनएचएम कर्मचारियों की जल्द वापसी कराने का भी आश्वासन दिया गया है।
   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “प्रदेश में मोदी की गारंटी है, कर्मचारियों की हर मांग पूरी की जाएगी।”
        स्वास्थ्य मंत्री ने भी विश्वास दिलाया कि एनएचएम कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र ही निर्णय लेकर उन्हें पूरा किया जाएगा।
   कर्मचारियों ने इसे प्रदेश में विष्णुदेव सरकार के सुशासन और मोदी की गारंटी को समय रहते पूरा करने की दिशा में एक कदम बताया हैं।