प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 सितम्बर 2025 -
रेवेन्द्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र ढोलिया बेमेतरा में अनुसंधान परिषद एवं विस्तार शिक्षा परिषद स्टेशन बैठक रबी 2024-25 लेवल-1 का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने की। इस अवसर पर डॉ. भंडारकर ने महाविद्यालय में चल रहे उड़द, मूंग एवं कपास पर आधारित रिसर्च प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी और वैज्ञानिकों को निरंतर अनुसंधान कार्यों के प्रति प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र बेमेतरा तोषण ठाकुर ने केंद्र में हो रहे अनुसंधान कार्यों के साथ-साथ मत्स्य पालन, मछलियों की प्रजातियों एवं उनके फीड पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित सहायक संचालक कृषि श्यामलाल साहू ने जिले में विभिन्न फसलों की वर्तमान स्थिति (रकबा, उत्पादन, उपज) पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2016-17 में बेमेतरा जिला को चना उत्पादन में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था। उन्होंने किसानों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। बैठक में कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापक, वैज्ञानिकों एवं कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने अपने अनुसंधान परिणामों और प्रस्तावित अनुसंधान/प्रसार कार्यों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया।