प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 23 सितम्बर 2025 - 108 संजीवनी टीम ने अपनी सूझबूझ से गर्भवती महिला का एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया। माँ और बेटे दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम कामता निवासी गर्भवती महिला पीलेश्वरी साहू उम्र 23 वर्ष पति दशरथ साहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने रविवार की रात 9:33 बजे डायल 108 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पायलट रामचंद्र साहू एवं ईएमटी लोभान राजपूत तुरन्त गांव पहुँचें। घर पहुंचने के पश्चात गर्भवती महिला को एम्बुलेंस में बैठाकर जल्द ही अस्पताल के लिए रवाना हुए। इस बीच गर्भवती पीलेश्वरी को कुछ दूर पहुँचने के पश्चात तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।
ईएमटी लोभान राजपूत ने अपने सूझबूझ का परिचय देते हुए सर्वप्रथम ईआरसीपी के माध्यम से डॉक्टर को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और उनके सलाहनुसार परिजनों से बात कर गर्भवती महिला की स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया। सर्वप्रथम एम्बुलेंस को सुरक्षित खड़ी कर प्रसव प्रक्रिया प्रारंभ की। कुछ ही क्षणों पश्चात एम्बुलेंस में बच्चे की किलकारी गूंजने लगी। पीलेश्वरी ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। इसके पश्चात माँ बेटे को सीएचसी नवागढ़ में शिफ्ट कराया गया। सुरक्षित प्रसव के लिए परिजनों ने संजीवनी108 टीम को धन्यवाद दिया।
0 टिप्पणियाँ