बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का पुतला दहन व कार्यालय घेराव आज
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 06 अगस्त 2025 - छत्तीसगढ़ प्रदेश काग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राज्य की भाजपा सरकार द्वारा हाफ बिजली बिल योजना के तहत 400 यूनिट की सीमा को समाप्त किया जा रहा है। बेतहाशा बिजली बिल मे वृद्धि तथा हाफ बिजली बिल योजना समाप्त किए जाने के विरोध मे 7 अगस्त को दोपहर 12 बजे बेमेतरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा के नेतृत्व मे बिजली ऑफिस कार्यालय बेमेतरा के सामने राज्य सरकार का पुतला दहन कर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा महामंत्री ललित विश्वकर्मा एवं शहर कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष सुमन गोस्वामी ने उक्त जानकारी देते हुए सभी कांग्रेस साथियों से निवेदन किए कि उक्त प्रदर्शन मे अपनी उपस्थिति अनिवार्य रुप से प्रदान करे।
===
श्री रामलला दर्शन योजना अंतर्गत जिले से 62 तीर्थयात्री अयोध्या धाम के लिए हुए रवाना
अधिकारियों ने किया हरी झंडी दिखाकर रवाना, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 06 अगस्त 2025 - छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना (अयोध्या धाम) के अंतर्गत जिले से चयनित श्रद्धालुओं का दल आज कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस योजना के अंतर्गत शासन द्वारा 62 तीर्थयात्रियों (जिसमें 02 अनुरक्षक शामिल हैं) का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस लक्ष्य के अनुसार जिले के जनपद पंचायत बेमेतरा, साजा, बेरला, नवागढ़ से 48 तीर्थयात्री तथा नगर पालिका परिषद बेमेतरा एवं नगर पंचायत थानखम्हरिया, नवागढ़, भिमौरी, कुसमी एवं दाढ़ी से 12 तीर्थयात्री चयनित किए गए।
प्रातः 07 बजे सभी तीर्थ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कलेक्टोरेट भवन के दृष्टि सभाकक्ष में किया गया। इसके बाद 07:30 बजे जिला कलेक्टोरेट परिसर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेमलता मंडावी, अपर कलेक्टर अनिल वाजपेयी तथा उप संचालक समाज कल्याण विभाग के द्वारा हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को दो बसों के माध्यम से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं को नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती हेमा दिवाकर, अपर कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं समाज कल्याण उपसंचालक द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का विशेष भाव देखा गया। सभी यात्रीगण निर्धारित कार्यक्रमानुसार राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से विशेष रेलगाड़ी द्वारा अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन हेतु रवाना हो चुके हैं। यात्रा पूर्ण होने के पश्चात यह दल 09 अगस्त 2025 की देर रात तक बेमेतरा लौटेगा।
यह आयोजन कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में सुचारु रूप से संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा की सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की गईं थीं। श्री रामलला के दर्शन हेतु रवाना हुए श्रद्धालुओं ने प्रदेश शासन और जिला प्रशासन का आभार प्रकट किया।
=====
मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक सम्पन्न
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश, जिले में 158 केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण, 135 नवीन मतदान केन्द्रों का प्रस्ताव तैयार
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 06 अगस्त 2025 - भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के पूर्व, जिले में मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन (युक्तियुक्तकरण) की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस क्रम में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केन्द्रों का पुनः परीक्षण कर उन्हें विभाजित कर नवीन केन्द्रों की स्थापना, स्थान परिवर्तन व भवन परिवर्तन हेतु प्रस्ताव आयोग को भेजा जाना है। इस अवसर पर एएससपी रामकृष्ण साहू, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश भारद्वाज, एडीएम अनिल वाजपेयी, राजनीतिक दलों के सदस्य गण, निर्वाचन शाखा के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
इसी संदर्भ में आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टरेट के दृष्टि सभाकक्ष मे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिले में प्रस्तावित कार्य योजना की विस्तृत जानकारी साझा की गई एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में बताया गया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 158 ऐसे मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है। इन केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण करते हुए 135 नवीन मतदान केन्द्रों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें 14 केन्द्रों के अनुमोदन तथा 3 केन्द्रों के भवन परिवर्तन के प्रस्ताव भी शामिल हैं।
प्रस्तावित नवीन मतदान केन्द्रों का विधानसभा क्षेत्रवार अंतर्गत साजा विधानसभा क्षेत्र मे 36 केन्द्र, बेरला विधानसभा क्षेत्र मे 41 केन्द्र और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र 58 केन्द्र शामिल है।
वर्तमान में जिले में कुल 799737 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 400561 पुरुष, 399372 महिला एवं 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को आधार मानते हुए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम पृथक रूप से जारी किया जाएगा।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु वे अधिकतम सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी सुझावों का स्वागत किया जाएगा और प्रत्येक मतदान केन्द्र हेतु नियुक्त बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के माध्यम से कार्यवाही की जाएगी। नवीन मतदान केन्द्रों की सूची अनुमोदन उपरांत सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके आधार पर प्रत्येक केन्द्र में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति कर जानकारी साझा करना आवश्यक होगा।
निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने हेतु वर्ष भर चार अर्हता तिथियां 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर निर्धारित की गई हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 और संशोधन, स्थानांतरण, डुप्लीकेट ईपिक कार्ड या दिव्यांगजन को चिह्नित करने हेतु फॉर्म 8 का उपयोग किया जा सकता है। ये फॉर्म वोटर हेल्पलाइन एप्प या voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन कभी भी भरे जा सकते हैं।
एपिक कार्ड निर्माण का कार्य एमटेक इनोवेशन प्रा. लि. पुणे (महाराष्ट्र) द्वारा किया जा रहा है, जिसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से मतदाताओं को भेजा जा रहा है। साथ ही मतदाता e-EPIC भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। मतदाता सूची या ईपिक कार्ड से संबंधित किसी भी जानकारी या शिकायत हेतु जिले में स्थापित टोल फ्री नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
====
केन्द्रीय विद्यालय बेमेतरा के संचालन की तैयारियाँ अंतिम चरण में
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने किया स्थल निरीक्षण एवं प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा
विद्यालय संचालन हेतु आवश्यक संसाधनों की सूची भी की गई संलग्न, जल्द प्रारंभ होगा नया शिक्षा सत्र
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 06 अगस्त 2025 - जिले के शैक्षणिक परिदृश्य को एक नई ऊंचाई देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए आज कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर बावामोहतरा का निरीक्षण किया। आगामी शिक्षा सत्र 2025-26 से केन्द्रीय विद्यालय बेमेतरा का संचालन प्रारंभ किया जाना है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय संचालन की तैयारियों की समीक्षा करना एवं कक्षा पहली से पाँचवीं तक के लिए प्राप्त प्रवेश आवेदनों की अंतिम दिन की स्थिति का मूल्यांकन करना था। इस दौरान एडीएम अनिल वाजपेयी, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, डीईओ कमल बंजारे, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य गण, एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन से विस्तारपूर्वक चर्चा की और सभी प्राप्त आवेदन पत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए प्रचार्यों को निर्देशित किया कि प्रत्येक अभिभावक और विद्यार्थी को समय पर तथा स्पष्ट सूचना प्रदान की जाए। इस संबंध में उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया की अनंतिम चयन सूची आगामी 11 अगस्त 2025 सोमवार को जारी की जाएगी, जिसे विद्यालय के नोटिस बोर्ड अथवा अन्य उपयुक्त माध्यमों से सार्वजनिक किया जाएगा।
श्री शर्मा ने निर्देशित किया कि विद्यालय संचालन की दिशा में कोई भी कार्य लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा और भविष्य में छात्र संख्या एवं संसाधनों के अनुसार इसका विस्तार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय के सुचारूपूर्वक संचालन हेतु आवश्यक संसाधनों एवं सामग्रियों की सूची संलग्न की गई है, जिसे प्राथमिकता से पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
इसी बीच निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बावामोहतरा के छात्रों से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और सही उत्तर देने वाले छात्रों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की जिज्ञासा एवं ज्ञानवर्धन के लिए रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन नियमित रूप से किया जाए।
कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा सत्र की शीघ्र शुरुआत सुनिश्चित की जाए, जिससे जिले के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शिक्षा का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय के प्रारंभ से न केवल बेमेतरा बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे। अभिभावक अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए कार्यदिवसों में विद्यालय के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। यह एक सुनहरा अवसर है कि बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान में अध्ययन का अवसर प्राप्त हो रहा है, अतः सभी संबंधित अभिभावकों से अपेक्षा है कि वे विद्यालय की सूचनाओं पर नियमित रूप से ध्यान दें।
=====